सबा करीम ने वनडे क्रिकेट में भारत के ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर दिया सटीक सुझाव - क्रिकट्रैकर हिंदी

सबा करीम ने वनडे क्रिकेट में भारत के ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर दिया सटीक सुझाव

सबा करीम ने कहा अनुभवी सलामी जोड़ी ही वर्ल्ड कप 2023 में भारत के लिए ओपनिंग करेगी।

Saba Karim. (Photo Source: Twitter)
Saba Karim. (Photo Source: Twitter)

पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने वनडे क्रिकेट में भारत के ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर जारी बहस पर अपनी राय रखी है। पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज का मानना है कि केएल राहुल को आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को ध्यान में रखते हुए 50-ओवरों के प्रारूप में नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि शिखर धवन और रोहित शर्मा सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम इंडिया की पहली पसंद होंगे, ऐसे में शुभमन गिल को वर्ल्ड कप 2023 के लिए बैकअप सलामी बल्लेबाज के रूप में तैयार किया जाना चाहिए। करीम ने शुभमन गिल को एक त्रि-आयामी खिलाड़ी बताया, जो खेल के तीनों प्रारूपों में खेल सकता है।

केएल राहुल को बतौर ओपनर नहीं देख रहे हैं सबा करीम

आपको बता दें, शुभमन गिल और शिखर धवन की सलामी बल्लेबाजी जोड़ी वनडे क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और युवा सलामी बल्लेबाज का प्रदर्शन देख कई पूर्व क्रिकेटर उन्हें वर्ल्ड कप 2023 के लिए बैकअप सलामी बल्लेबाज के रूप में तैयार करने का सुझाव दें रहे है।

सबा करीम ने इंडिया न्यूज से बात करते हुए कहा: “मुझे लगता है कि केएल राहुल की जगह इस समय भारत की वनडे टीम में चौथे नंबर पर है, और यही वजह है कि शिखर धवन और शुभमन गिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में ओपनिंग की। इस समय भारतीय चयनकर्ता और टीम प्रबंधन 2023 वर्ल्ड कप के लिए एक बैकअप ओपनर की तलाश में हैं, और उनकी तलाश गिल पर समाप्त होनी चाहिए।

रोहित शर्मा और शिखर धवन फ्रंट-लाइन ओपनर है, जबकि शुभमन गिल बैकअप ओपनर की भूमिका निभा सकते हैं। सही तकनीक के साथ खेल के तीनों प्रारूपों में खेलना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन गिल में वे सभी तत्व हैं, उनका टेम्परामेंट अच्छा है। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में भी रन बनाए। मुझे लगता है कि शुभमन को 2023 वर्ल्ड कप के लिए एक बैकअप ओपनर के रूप में तैयार करने के लिए यह अच्छा समय है, और शायद टीम प्रबंधन ने उनकी एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में पहचान कर ली है, जो तीनों प्रारूपों में खेल सकता है, जो बहुत बड़ी बात है।”

close whatsapp