VIDEO: अपने बचपन के दोस्त कांबली से मिले सचिन तेंदुलकर, लेकिन फैंस कर रहे फिर भी दिग्गज बल्लेबाज को ट्रोल
पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं विनोद कांबली।
अद्यतन - Dec 4, 2024 4:34 pm

क्रिकेट के भगवन कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और उनके बचपन के दोस्त विनोद कांबली की मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। दोनों मंगलवार (3 दिसंबर) को रमाकांत आचरेकर स्मारक के उद्घाटन के कार्यक्रम में पहुंचे थे। बता दें कि सचिन और कांबली ने आचरेकर के मार्गदर्शन में क्रिकेट सीखा था। 52 वर्षीय कांबली की तबीयत लंबे समय से खराब है।
Sachin Tendulkar से मिलकर इमोशनल हुए Vinod Kambli
विनोद कांबली जब स्टेज पर जिगरी सचिन से मिले तो इमोशनल हो गए। सचिन खुद ही उनके पास चलकर आए थे। हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि कांबली कुछ पलों के लिए सचिन को पहचान नहीं पाए। वीडियो में देख जा सकता है कि सचिन जैसे ही कांबली के पास आते हैं तो कुछ पलों के लिए उन्हें देखते रहते हैं। वह जब सचिन को पहचान लेते हैं तो अचानक उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचते हैं।
हालांकि, उसके बाद एक शख्स कांबली के पास आया और उन्हें वहीं बैठे रहने के लिए कहता है। इसके बाद, सचिन अपनी सीट पर चले जाते हैं। सचिन ने कांबली और अन्य लोगों के साथ मिलकर मुंबई के शिवाजी पार्क में आचरेकर स्मारक का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मनसे के प्रमुख राज ठाकरे भी मौजूद थे।
सचिन और कांबली की मुलाकात पर क्रिकेट फैंस के खूब रिएक्शन आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, ”कांबली एक शानदार खिलाड़ी थे, लेकिन उनका करियर बर्बाद हो गया।” एक ने लिखा, ”क्या कांबली को मानसिक या स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या है?” बता दें कि कांबली काफी समय से बीमार चल रहे हैं। 2013 में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। तब एक पुलिस ऑफिसर ने उन्हें लीलावती अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई थी।
वहीं इस वीडियो पर कुछ फैंस सचिन को ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि, सचिन सच्चे दोस्त नहीं हैं। वहीं एक यूजर ने लिखा कि, ऐसा लग रहा है कि सचिन हाथ छुड़ा कर भाग रहे हैं।