IND vs AFG: सुदर्शन या पडिक्कल, एकमात्र टेस्ट मैच में कौन करेगा नंबर 3 पर बल्लेबाजी? हेड कोच गंभीर ने बताया खिलाड़ी का नाम
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच की शुरुआत 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 5, 2026 1:36 अपराह्न

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम इस समय भारत दौरे पर है। इस दौरे पर अफगानिस्तान टीम एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलती हुई नजर आएगी। तो वहीं, इस दौरे की शुरुआत 6 जून से होने वाले टेस्ट मैच से हो रही है।
यह मैच दोनों टीमों के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत की एक नजर इस मैच में शानदार प्रदर्शन कर, घरेलू सरजमीं पर जीत हासिल करने पर होगी।
दूसरी ओर, इस मुकाबले में टीम इंडिया के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी सिरदर्द बनी हुई है। पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट के बाद, मैनेजमेंट ने इस नंबर पर बहुत से खिलाड़ियों को आजमाया है, लेकिन कोई खास कमाल नहीं दिखा सका।
पुजारा नंबर 3 पर भारत के लगभग एक दशक तक मजबूत बल्लेबाज रहे। लेकिन, फिलहाल टेस्ट टीम में भारत के पास नंबर पर 3 के लिए देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन मौजूद हैं। आईपीएल से पहले दोनों ही खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
हालांकि, अब देखना होगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ नंबर तीन पर कौन बल्लेबाजी करेगा? इस बीच भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने उस खिलाड़ी को लेकर संकेत दिए, जो इस नंबर पर भारत के लिए खेल सकता है।
सुदर्शन को नंबर 3 पर ज्यादा मौके नहीं मिले: गंभीर
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले आयोजित प्री मैच काॅन्फ्रेंस में हेड कोच गंभीर ने कहा- साई सुदर्शन को नंबर तीन पर ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। वह ज्यादातर इंग्लैंड में खेले हैं, और मेरा मानना है कि उन्हें इस नंबर पर पर्याप्त मौके मिलने चाहिए।
हम प्लेइंग इलेवन में सिर्फ 11 खिलाड़ियों को चुन सकते हैं, लेकिन साई खराब फाॅर्म में नहीं हैं। उन्होंने आईपीएल में 700+ रन बनाए हैं। अगर हम सुदर्शन को 4-5 मैचों के आधार पर जज करेंगे, तो हम टीम नहीं बना पाएंगे।
हेड कोच द्वारा दिए इस बयान से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में, देवदत्त पडिक्कल की जगह साई सुदर्शन को तवज्जो दी जाएगी।