पाकिस्तान को बड़ा झटका, सैम अयूब को बीच में छोड़नी पड़ी जारी वनडे ट्राई सीरीज
लगातार तीन मैचों में फ्लॉप होने के बाद सैम अयूब ने लिया बड़ा फैसला
अद्यतन - अक्टूबर 26, 2026 5:10 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज सैम अयूब ने इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही वनडे ट्राई सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
अयूब पिछले कुछ मुकाबलों से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। इस सीरीज में खेले गए तीनों मैचों में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अयूब ने टीम के मुख्य कोच से बातचीत की और घरेलू क्रिकेट में लौटने की इच्छा जताई। उनका मानना है कि घरेलू मुकाबले खेलकर वह अपनी बल्लेबाजी में सुधार कर सकते हैं और खोया हुआ आत्मविश्वास वापस हासिल कर सकते हैं।
सैम अयूब की जगह साहिबजादा फरहान को मिला मौका
पीसीबी ने बताया कि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं ने अयूब के फैसले का सम्मान करते हुए उन्हें टीम से रिलीज करने की मंजूरी दे दी है। बोर्ड ने उनकी ईमानदारी की भी तारीफ की। अयूब की जगह साहिबजादा फरहान को बाकी मुकाबलों के लिए पाकिस्तान टीम में शामिल किया गया है। फरहान को हाल ही में पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, शुरुआत में उन्हें वनडे ट्राई सीरीज के लिए नहीं चुना गया था।
पाकिस्तान ने इस ट्राई सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं और अब तक अजेय रही है।
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच में पाकिस्तान ने रोमांचक अंदाज में एक विकेट से जीत हासिल की। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शादाब खान ने नाबाद 113* रन बनाए।
उन्होंने हारिस रऊफ के साथ आखिरी विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की। इससे पहले पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन और इंग्लैंड को 87 रन से हराया था। अब टीम की नजर फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करने पर होगी।
ये भी पढ़ें – ‘किसी की भी जान जा सकती थी’: वांडरर्स की जानलेवा पिच पर विराट कोहली के फरमान को लेकर फाफ डु प्लेसिस का बड़ा खुलासा