अब सलमान बट भी देने लगे हैं टीम इंडिया में बदलाव की सलाह
इशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ मिलना चाहिए मौका- बट।
अद्यतन - Oct 31, 2021 1:28 pm

आज टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से है, लेकिन इससे ठीक पहले पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान सलमान बट का एक बयान सामने आया है। जहां सलमान अपने इस बयान में टीम इंडिया में बदलाव की बात कर रहे हैं, वहीं टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिए मैच जीतना काफी जरूरी है और न्यूजीलैंड के लिए भी ये करो या मरो जैसा मैच है।
सलमान बट बोले- टीम इंडिया में हो 3 बदलाव
टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में खेले गए दोनों अभ्यास मैच जीते थे, लेकिन सुपर-12 में जैसे ही टीम का सामना पाकिस्तान से हुआ तो टीम के खाते में हार आ गई है। जहां पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेटों से हराया था और उस मैच में कप्तान कोहली को छोड़ बाकी खिलाड़ियों ने निराश किया था। अब इसी को देखते हुए सलमान बट बदलाव का राग गा रहे हैं।
*इशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ मिलना चाहिए मौका- बट।
*टीम इंडिया आर अश्विन को भी करे इस अहम मैच के लिए टीम में शामिल- सलमान बट।
*सलमान बट के मुताबिक टीम इंडिया हार्दिक की जगह शार्दुल ठाकुर को दे मौका।
*अपने यूट्यूब चैनल पर सलमान बट ने रखी ये बात।
आज जीत बेहद जरूरी
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के लिए आज का मैच काफी ज्यादा अहम है। दोनों ही टीमों ने अपना पहला-पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ ही हारा था। वहीं, इस ग्रुप में लगातार 3 जीत के साथ पाक टीम टॉप पर बनी हुई है और टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना तय हो चुका है। साथ ही भारत-न्यूजीलैंड मैच से पहले दिन के मुकाबले में अफगानिस्तान और नामीबिया का भी मैच होगा, जिसमें अफगान टीम की जीत हुई तो वो टीम इंडिया के लिए टेंशन बढ़ा देगी। अफगान टीम ने अभी तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 1 में जीत और 1 में हार मिली है।