PBKS के खिलाफ क्वालीफायर-1 में RCB को लिविंगस्टोन की जगह नुवान तुषारा को प्लेइंग XI में शामिल करना चाहिए: संजय बांगर
इस शानदार टूर्नामेंट का क्वालीफायर-1 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
अद्यतन - मई 28, 2025 4:40 अपराह्न

आईपीएल 2025 के प्लेऑफ की शुरुआत 29 मई से हो रही है। इस शानदार टूर्नामेंट का क्वालीफायर-1 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों को इस मैच में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस महत्वपूर्ण मैच से पहले पूर्व खिलाड़ी संजय बांगर ने आरसीबी की प्लेइंग XI को लेकर अपना पक्ष रखा है।
संजय बांगर का मानना है कि पंजाब किंग्स की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपना गेंदबाजी अटैक और भी मजबूत करना होगा। बता दें कि, आईपीएल 2025 के अंतिम लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज की थी और क्वालीफायर-1 में अपनी जगह पक्की की थी।
आरसीबी की ओर से जितेश शर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 85* रन की मैच विनिंग पारी खेली थी। टीम की ओर से गेंदबाज के रूप में नुवान तुषारा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर एक महत्वपूर्ण विकेट झटका।
पूर्व खिलाड़ी ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा कि, ‘लियम लिविंगस्टोन की जगह नुवान तुषारा को खिलाना चाहिए। उनकी गेंदबाजी और भी बेहतर हो जाएगी। नुवान तुषारा के अलावा तीन विदेशी खिलाड़ी फिल साल्ट, जोश हेजलवुड और टिम डेविड होने चाहिए।
आरसीबी का सामना अब पंजाब किंग्स से होगा जिन्होंने इस सीजन 6 या 7 बार 200 रन का आंकड़ा पार किया है। आगामी मैच में भी पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों को अपनी छाप छोड़ते हुए देखा जा सकता है। लिविंगस्टोन जो विदेशी बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं, उन्होंने इस सीजन बिल्कुल भी रन नहीं बनाए हैं। इसलिए आरसीबी को अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने की जरूरत है। मेरे हिसाब से यही काॅम्बिनेशन सबसे सही रहेगा।’
फाइनल का टिकट कटाना चाहेंगी पंजाब व बेंगलुरू
बता दें कि, जो भी टीम पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच यह मैच जीतेगी, वह आईपीएल 2025 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। यह देखना बेहद जरूरी होगा कि आगामी मैच में दोनों टीम कौन-कौन से बड़े बदलाव करती है?
जोश हेजलवुड की वापसी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम और भी मजबूत हो गई है। यही नहीं बल्लेबाजों ने भी अपनी भूमिका बेहतरीन तरीके से निभाई है। आगामी मैच दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा।