सरफराज अहमद को श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे में टीम का उपकप्तान नियुक्त करना चाहिए था: राशिद लतीफ - क्रिकट्रैकर हिंदी

सरफराज अहमद को श्रीलंका के पाकिस्तान दौरे में टीम का उपकप्तान नियुक्त करना चाहिए था: राशिद लतीफ

जुलाई महीने में पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है।

Sarfaraz Ahmed (Pic Source-Twitter)
Sarfaraz Ahmed (Pic Source-Twitter)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ ने सरफराज खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनके मुताबिक मोहम्मद रिजवान की जगह सरफराज अहमद को टीम का उपकप्तान नियुक्त करना चाहिए था। बता दें, जुलाई महीने में पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। यह पाकिस्तान की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र की पहली टेस्ट सीरीज होगी।

हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अपनी 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है जिसकी कप्तानी बाबर आजम कर रहे हैं। इस दौरे के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल को टीम का गेंदबाज़ी कोच नियुक्त किया है। टीम की उपकप्तानी मोहम्मद रिजवान को सौंपी गई है।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को भी इस खेमे में शामिल किया गया है। बता दें, इसी साल सरफराज अहमद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मुकाबलों में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 335 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड अपने नाम किया था।

राशिद लतीफ ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘सरफराज ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस दौरे के लिए उपकप्तान नियुक्त करना चाहिए था। उनके पास उपकप्तान बनने का जुनून है। जब मोहम्मद रिजवान अपने फॉर्म में नहीं थे तब उन्होंने बेहतरीन वापसी की। सरफराज अहमद को उनके पहले के प्रदर्शन को देखते हुए प्लेइंग XI में शामिल जरूर किया जाना चाहिए।’

बाबर आजम की जगह टेस्ट में अगर कोई खिलाड़ी टीम की कमान संभाल सकता है तो वो सरफराज अहमद ही है: राशिद लतीफ

राशिद लतीफ ने आगे कहा कि, ‘ मुझे लगता है कि बाबर आजम को तीनों ही प्रारूपों का कप्तान नियुक्त कर दिया जाना चाहिए। हालांकि किसी को भी बिना अच्छे प्रदर्शन के उपकप्तान नियुक्त नहीं करना चाहिए। बाबर आजम की जगह अगर टेस्ट में कोई टीम की कप्तानी कर सकता है तो वो सरफराज अहमद है।’

बता दें, पाकिस्तान टीम में लगभग 1 साल के बाद टेस्ट क्रिकेट में शाहीन अफरीदी की भी वापसी हुई है। उन्होंने अभी तक इस प्रारूप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। अब देखना यह है कि आगामी टेस्ट सीरीज में वो कैसा प्रदर्शन करते हैं।

close whatsapp