‘मैं रात भर सो नहीं पाया था’: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जगह ना मिलने को लेकर सरफराज खान ने दिया बड़ा बयान
मैं अभ्यास करना नहीं छोडूंगा और ना ही डिप्रेशन में जाऊंगा: सरफराज खान
अद्यतन - Jan 16, 2023 1:21 pm

मुंबई के बेहतरीन बल्लेबाज सरफराज खान ने ऐसा बोला है कि वो इस बात से काफी नाराज है कि उनको ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में भारतीय दल में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन वो हार नहीं मानेंगे और आगे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते रहेंगे। बता दें, सरफराज खान ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में पिछले कुछ समय से काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले दो टेस्ट मुकाबलों के लिए भारतीय टीम की घोषणा की जिसमें सूर्यकुमार यादव और इशान किशन को दल में शामिल किया गया। इस भारतीय टीम में सरफराज खान को जगह नहीं मिली। तमाम लोग चयनकर्ता के इस फैसले से काफी नाराज हैं।
सरफराज खान का प्रेरणादायक संदेश
भारतीय घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद सरफराज खान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया। उन्हें खुद इस बात का भरोसा था कि अब वो भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इसी को लेकर बेहतरीन बल्लेबाज ने अपना पक्ष रखा है। सरफराज की माने तो भले ही उनका चयन भारतीय टीम में ना हुआ हो लेकिन इसके बावजूद वो अभ्यास करते रहेंगे और हार नहीं मानेंगे।
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक सरफराज खान ने कहा कि, ‘ मैं जहां भी जाता हूं बस यही सुनता हूं कि आप जल्द ही भारत के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। सोशल मीडिया में मुझे हजारों लोगों ने संदेश भेजें। सब बोलते हैं तेरा टाइम आएगा। घोषणा होने के बाद मैं आसाम से दिल्ली आया और पूरी रात सो नहीं सका। मैं खुद से यही पूछता रहा कि मैं आखिर वहां क्यों नहीं हूं?
लेकिन अब मैंने अपने पिता से बात की है और उसके बाद मैं पूरी तरह से ठीक हो चुका हूं। मैं अभ्यास करना नहीं छोडूंगा और ना ही डिप्रेशन में जाऊंगा। चिंता ना करें मैं कोशिश करता रहूंगा।’
मैं पूरी तरह से टूट चुका था: सरफराज खान
ऐसा भी कहा जा रहा था कि बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा चुकी टेस्ट सीरीज में सरफराज खान को भारतीय टीम में शामिल किया जाएगा लेकिन वहां भी ऐसा नहीं हुआ।
भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ‘मैं पूरी तरह से टूट चुका था। किसी के लिए भी यह बात सामान्य है खासतौर पर उनके लिए जिन्होंने इतने रन बनाए हो। मैं भी इंसान हूं कोई मशीन नहीं। मेरे पास भी इमोशन है। मैंने अपने पिता से बात की और वह दिल्ली आए। मैंने उनके साथ दिल्ली में अभ्यास सत्र किया।’
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 9 फरवरी 2023 से नागपुर में शुरू होगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कुल 4 टेस्ट और 3 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।