पाकिस्तान की खराब हालत देख जल्द मैदान में वापसी कर सकते हैं शाहीन अफरीदी!
शाहीन शाह अफरीदी फिलहाल घुटने की चोट से उबर रहे हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 24, 2022 7:21 अपराह्न

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी फिलहाल घुटने की चोट से उबर रहे हैं। शाहीन को इस साल जुलाई-अगस्त में श्रीलंका दौरे पर यह चोट लगी थी, जिसके कारण वह एशिया कप 2022 से भी चूक गए थे, लेकिन उन्होंने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए मैदान में वापसी की थी।
हालांकि, दुर्भाग्य से शाहीन अफरीदी इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में दोबारा चोटिल हो गए, नतीजतन, उन्हें अपने चार ओवर के कोटे की 11 गेंदे डाले बिना ही मैदान छोड़कर जाना पड़ा, और पाकिस्तान को यह मैच पांच विकेट से गंवाना पड़ा।
मैदान में जल्द वापसी कर सकते हैं शाहीन अफरीदी
इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी, और अब वे 26 दिसंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड की मेजबानी के लिए तैयार है। इस सीरीज में वापसी को लेकर शाहीन अफरीदी ने दिल जीत लेने वाला जवाब दिया है। दरअसल, लाहौर के एक कॉलेज में पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी लाहौर कलंदर्स द्वारा आयोजित एक इवेंट में एक फैन ने तेज गेंदबाज से उनकी वापसी को लेकर सवाल किया, जिस पर उन्होंने शानदार जवाब दिया है।
एक प्रशंसक ने नजीब दुर्रानी द्वारा यूट्यूब पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा: ‘टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान टीम का पूरा भार आपके कंधो पर था। आप मैदान में वापस कब लौट रहे हैं? क्योंकि अभी हमारी टीम गर्त में जाती हुई नजर आ रही है, हम इस समय बहुत खराब स्थिति में है। हमारी प्लेइंग इलेवन में शाहीन शाह अफरीदी नहीं है, सिर्फ इसलिए हम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से भी बाहर हो गए!’
शाहीन अफरीदी ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा: ‘2 दिन बाद एक टेस्ट मैच है। अगर टीम मुझे इसके लिए बुलाती है, तो मैं उपलब्ध रहूंगा! आप लोग यहां टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान की हार के बाद बहुत निराश थे, लेकिन आप ये नहीं जानते कि वहां हम पर क्या गुजर रही थी। हम तीनों (शाहीन, हरिस रउफ और फखर जमान) अभी मैदान से बाहर हैं, लेकिन आप हमें बहुत जल्द मैदान पर वापस देखेंगे।’