Shakib Al Hasan की जिद्दीपन की वजह से टीम को हुआ नुकसान, अंपायर ने कर दिया टूर्नामेंट से बाहर
ग्लोबल टी20 कनाडा 2024 में खेल रहे हैं शाकिब अल हसन।
अद्यतन - अगस्त 11, 2024 1:29 अपराह्न

शाकिब अल हसन अपने गुस्सैल रवैए की वजह से अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। वह अपनी बात को लेकर कभी भी मैदान पर गुस्सा हो जाते हैं। पिछले दिनों ग्लोबल टी20 कनाडा लीग के दौरान भी कुछ ऐसा ही दिखने को मिला। उनकी जिद के चलते लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में जमकर हंगामा हुआ और अंत में उनके अड़ियल रवैये की वजह से उनकी टीम को ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
ग्लोबल टी20 कनाडा 2024 का एलिमिनेटर मुकाबला शुक्रवार, 9 अगस्त को बांग्ला टाइगर्स मिसिसॉगा और टोरंटो नेशनल्स के बीच खेला जाना था, लेकिन खराब मौसम के चलते मैच में लगातार देरी होती रही। बारिश इतनी ज्यादा हुई थी कि मुकाबला 5-5 ओवर का भी नहीं हो पाया। मगर अंत में अंपायरों ने मौसम ठीक होता देख 1-1 ओवर का सुपर ओवर मैच कराने का निर्णय लिया।
Shakib Al Hasan की जिद्द की वजह से उनकी टीम हुई टूर्नामेंट से बाहर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाकिब अल हसन ने 1-1 ओवर का मैच खेलने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि यह नियमों के खिलाफ है। नियम यह है कि 1-1 ओवर का मैच तभी होता है जब मैच टाई हो। इसके अलावा किसी भी मैच का नतीजा निकालने के लिए 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी है।
अगर बांग्ला टाइगर्स मिसिसॉगा बनाम टोरंटो नेशनल्स एलिमिनेटर बारिश के चलते नहीं हो पाता है, तो नियमों के तहत शाकिब अल हसन की बांग्ला टाइगर्स मिसिसॉगा को क्वालिफायर-2 का टिकट मिल जाता, क्योंकि उनकी टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची थी।
हालांकि, मैच अधिकारी एक ओवर का मैच करवाने के लिए शाकिब को मनाते रहे, लेकिन यह बांग्लादेशी खिलाड़ी अपनी जिद पर अड़ा रहा। अंत में जब शाकिब टॉस के लिए मैदान पर नहीं उतरे तो अंपायरों ने मैच को रद्द कर दिया और पॉइंट्स टेबल पर नंबर-4 पर होने के बावजूद टोरंटो नेशनल्स को अगले राउंड, यानी क्वालीफायर-2 के लिए भेज दिया। शाकिब की 1-1 ओवर का मैच ना खेलने की जिद ने उनकी टीम बांग्ला टाइगर्स मिसिसॉगा को टूर्नामेंट से ही बाहर करा दिया।