“किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि हम दो मैच हार जाएंगे”- USA से सीरीज हारने के बाद बोले शाकिब अल हसन
अमेरिका ने शुरुआती दोनों मुकाबले में बांग्लादेश को हराया।
अद्यतन - May 24, 2024 2:08 pm

बांग्लादेश के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) से सीरीज की आश्चर्यजनक हार के बाद बयान दिया है। शाकिब ने बताया कि, इस टी-20 वर्ल्ड कप की हार से उन्हें पता चलता है कि, टी-20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले टीम को कितना सुधार करने की जरूरत है। 37 वर्षीय ने उन्हें दो मैचों में मात देने का श्रेय संयुक्त राज्य अमेरिका को दिया।
बता दें कि, अमेरिका और बांग्लादेश के बीच जारी तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार को खेला गया। इस मैच में अमेरिका ने अपना दमखम दिखाते हुए शाकिब-अल-हसन की अगुवाई वाली टीम को छह रनों से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले अमेरिका ने पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट से जीत दर्ज की थी।
USA से सीरीज हारने के बाद शाकिब अल हसन ने दिया बड़ा बयान
दूसरे T20I के बाद बोलते हुए, शाकिब ने कहा कि, यह सीरीज एक वेक अप कॉल है। क्रिकबज के हवाले से उन्होंने कहा कि, “निश्चित रूप से यह निराशाजनक है और हमने इसकी उम्मीद नहीं की थी लेकिन जिस तरह से उन्होंने खेला उसके लिए हमें अमेरिकी टीम को श्रेय देना चाहिए। मुझे लगता है कि किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि हम दो गेम हार जाएंगे।
एक टीम के रूप में आप जो भी मैच हारते हैं वह निराशाजनक होता है और आप एक भी मैच नहीं हारना चाहेंगे और जाहिर तौर पर यह बहुत निराशाजनक है, लेकिन यह कहना कि हमें वर्ल्ड कप खेलना है और यह सीरीज हमारे लिए एक चेतावनी हो सकती है क्योंकि हम उस तरह से नहीं खेले हैं जैसा हम खेलना चाहते थे।”
पूर्व कप्तान ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को हल्के में लेने से भी इनकार किया। शाकिब ने कहा कि, “मुझे नहीं लगता कि हमने उन्हें हल्के में लिया। पहले मैच में शायद हम वह नहीं कर सके जो हम करना चाहते थे और दूसरे मैच में बिल्कुल वही हुआ – हम अपनी योजनाओं को क्रियान्वित नहीं कर सके जो हमें करना चाहिए था।”