आईपीएल 2025 विनर को लेकर शेन वॉटसन ने की भविष्यवाणी । CricTracker Hindi

‘आरसीबी बनेगी चैंपियन, विराट होंगे प्लेयर ऑफ द मैच’, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने की बड़ी भविष्यवाणी

आईपीएल 2025 की विनर आरसीबी होगी- शेन वॉटसन

Shane Watson
Shane Watson. (Photo Source: Twitter)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के लीग चरण में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में फिनिश किया है। उन्होंने 14 मैचों में से 9 में जीत हासिल की, जबकि चार मैच गंवाए। वहीं एक मुकाबला बारिश से धुल गया। आरसीबी ने अपने आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यादगार जीत दर्ज की।

अब क्वालीफायर-1 में आरसीबी की टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। यह मैच 29 मई को चंडीगढ़ स्थित मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाने वाला है। इस बीच शेन वॉटसन का मानना है कि आरसीबी टूर्नामेंट में बहुत आगे तक जा सकती है और भविष्यवाणी की कि फाइनल में विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच बनेंगे।

वॉटसन ने ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि,  ‘आईपीएल 2025 की विनर आरसीबी होगी। मेरे हिसाब से मैन ऑफ द मैच विराट कोहली होंगे। मुझे लगता है कि यह आरसीबी का समय है। टूर्नामेंट के अंत में उन्हें कुछ झटके लगे, लेकिन जोश हेजलवुड के प्लेऑफ में वापस आने से उनके लिए यह साल सही है।’

 

जोश हेजलवुड की हुई वापसी

बता दें कि जोश हेजलवुड ने इस सीजन आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 मैचों में 17.28 की औसत से 18 विकेट हासिल किए हैं। इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने चोट के कारण पिछले कुछ मुकाबले मिस किए, लेकिन अब उनके आने से टीम की गेंदबाजी और मजबूत नजर आने लगी है।

नियमित कप्तान रजत पाटीदार के चोटिल होने की वजह से पिछले कुछ मैचों में जितेश शर्मा ने आरसीबी की कमान संभाली। लखनऊ के खिलाफ मैच में जितेश शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम के लिए 33 गेंदों में 8 चौके और 6 छक्के की बदौलत 85 रन बनाए थे और अंत तक नाबाद रहे थे।

close whatsapp