“मैं अपनी क्वालिटी के बारे में क्या कह सकता हूं”- टीम इंडिया से नजरअंदाज किए जाने पर शार्दुल ठाकुर ने सेलेक्टर्स पर साधा निशाना
जम्मू कश्मीर के खिलाफ शार्दुल ठाकुर का प्रदर्शन शानदार रहा।
अद्यतन - Jan 24, 2025 2:29 pm

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अचानक ही भारतीय टेस्ट सेटअप से गायब हो गए। चोटिल होने के बाद उन्हने वापसी करने में समय लगा, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि सेलेक्टर्स ने उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है और नीतीश रेड्डी जैसे खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं। हालांकि मुंबई के इस स्टार ऑलराउंडर ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खिंचा है।
जम्मू कश्मीर के खिलाफ जारी रणजी मैच के पहले दिन के खेल खत्म होने के बाद शार्दुल ने अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमिटी को भी कड़ा संदेश दिया है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं पाने वाले ठाकुर ने कहा कि अगर खिलाड़ियों में ‘क्वालिटी’ है तो चयन के लिए उनके नाम पर विचार किया जाना चाहिए।
शार्दुल ठाकुर ने सेलेक्शन कमिटी पर उठाए सवाल
पहले दिन के बाद मीडिया से बात करते हुए शार्दुल ठाकुर ने कहा, “मैं अपनी क्वालिटी के बारे में क्या कह सकता हूं? दूसरों को इसके बारे में बात करनी चाहिए। उन्हें देखना चाहिए कि अगर किसी में क्वालिटी है, तो उसे अधिक मौके दिए जाने चाहिए। मुझे मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना पसंद है।
आसान परिस्थितियों में, हर कोई अच्छा करता है, लेकिन आप विपरीत परिस्थितियों में किस तरह से प्रदर्शन करते हैं, यह मायने रखता है। मैं कठिन परिस्थितियों को एक चुनौती के रूप में देखता हूं और हमेशा इस बारे में सोचता हूं कि उस चुनौती से कैसे पार पाया जाए।”
रोहित-जायसवाल जैसे खिलाड़ियों की वापसी के बावजूद मुंबई की टीम 47 रन पर 7 विकेट खो चुकी थी, तब शार्दुल ने अर्धशतकीय पारी खेल टीम को 120 के स्कोर तक पहुंचाया। उनकी बल्लेबाजी की हर जगह तारीफ हो रही है।