शोएब अख्तर को पसंद नहीं आया धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने का फैसला!
आईपीएल 2022 की शुरुआत से दो दिन पहले एमएस धोनी ने सीएसके के कप्तान के पद को छोड़ दिया।
अद्यतन - मार्च 27, 2022 4:44 अपराह्न

एमएस धोनी की सीएसके की कप्तानी पद को अचानक छोड़ने के फैसले से क्रिकेट बिरादरी के कई लोगों को बड़ा झटका लगा है। धोनी के लाखों फैंस के लिए यह एक बड़ा झटका था, क्योंकि माही सिर्फ आईपीएल में ही उन्हें कप्तानी करते हुए नजर आते हैं। धोनी ने आईपीएल 2022 की शुरुआत से दो दिन पहले कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और रवींद्र जडेजा को यह जिम्मेदारी सौंप दी।
2008 में आईपीएल की स्थापना के बाद से धोनी ने 12 साल तक टीम का नेतृत्व किया था। तब से, चेन्नई सुपर किंग्स ने उनकी कप्तानी में चार खिताब जीत चुकी है। इस आईपीएल में चीजें अब पहले जैसी नहीं रहेंगी। यहां तक कि विराट कोहली ने भी अपनी कप्तानी की भूमिका से इस्तीफा दे दिया, लेकिन उन्होंने आईपीएल 2021 के दौरान बहुत पहले ही अपने फैसले की घोषणा कर दी थी।
लेकिन धोनी ने मैच से 48 घंटे पहले ही यह फैसला लिया जिस वजह से कई लोग उनके इस फैसले को लेकर आपत्ति जता रहे हैं, उन्हीं में से एक नाम पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का भी है। अख्तर ने हाल ही में धोनी के इस हैरानी भरे फैसले पर आपत्ति जताई है और बड़ा बयान दिया है।
धोनी के कप्तानी छोड़ने पर शोएब अख्तर का बयान
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने धोनी के फैसले पर बात की और कहा कि उन्हें अनुभवी खिलाड़ी के फैसले लेने का समय समझ में नहीं आया। अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा कि, “आईपीएल से दो दिन पहले … वास्तव में यह समझ में नहीं आया। वह अभी भी आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। मुझे लगता है कि वह मानसिक रूप से थक गए होंगे। उन्होंने किसी और को जिम्मेदारी सौंपने और स्वतंत्र रूप से खेलने के बारे में सोचते हुए यह फैसला लिया।”
अख्तर ने आगे कहा कि, “जडेजा जाहिर तौर पर बहुत अच्छे क्रिकेटर हैं और वह टीम को आगे ले जाने के लिए अपनी पूरी क्षमता से प्रयास करेंगे। लेकिन धोनी क्रिकेट के उन दिमागों में से एक हैं जिन पर आप हमेशा भरोसा कर सकते हैं।” बता दें कि जडेजा ने पहले टीम का नेतृत्व करने की इच्छा व्यक्त की थी और धोनी के उत्तराधिकारी की तलाश काफी समय से की जा रही थी।