मुझे यकीन है कि वे इसे एक अभ्यास मैच के रूप में खेल रहे हैं- ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर बोले श्रेयस अय्यर
श्रेयस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में लगाया शानदार शतक।
अद्यतन - सितम्बर 25, 2023 3:16 अपराह्न

टीम इंडिया के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का मानना है कि मौजूदा वनडे सीरीज में खराब प्रदर्शन के बावजूद ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप में एक खतरनाक टीम बनी रहेगी। श्रेयस के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया इन वनडे मैचों को प्रैक्टिस मैच के तौर पर खेल रहा है और इसलिए वह कई खिलाड़ियों को मौका देकर अपनी टीम कॉम्बिनेशन के साथ प्रयोग कर रहा है।
गौरतलब है कि, भारत ने रविवार को इंदौर में दूसरे गेम में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 99 रन [DLS] से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। मेजबान टीम ने इससे पहले मोहाली में खेला गया पहला वनडे पांच विकेट से जीता था।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया पहले दो मैचों में आश्चर्यजनक रूप से अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है, लेकिन इसी बीच श्रेयस ने स्पष्ट कर दिया कि वह उन्हें (ऑस्ट्रेलियाई टीम) को कभी भी हल्के में नहीं लेंगे। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे पहले दो वनडे में ऑस्ट्रेलिया की हार के बारे में पूछा गया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम इस सीरीज को अभ्यास मैच के रूप में ले रही है- श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने कहा कि, “हम जानते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम कैसी है। जिस तरह से वे अपनी योजना बनाते हैं, मुझे यकीन है कि वे इसे एक अभ्यास मैच के रूप में खेल रहे हैं और वे विश्व कप से पहले लय बनाना चाहते हैं, इसलिए वे प्रयोग कर रहे हैं। साथ ही, वे कई खिलाड़ियों को मौका दे रहे हैं ताकि उन्हें यह देखने का उचित मौका मिल सके कि भारत में हालात कैसे हैं।”
28 साल के अय्यर ने आगे कहा कि, “साथ ही, वे चुनौतीपूर्ण क्रिकेट खेलते हैं, इसलिए मुझे यकीन है कि वे भारत के खिलाफ भविष्य के मैचों में और जब मैं बल्लेबाजी करने उतरूंगा तब भी बहुत अच्छी योजना बना रहे होंगे। इसलिए, एक टीम के रूप में मैं उन्हें कभी हल्के में नहीं लूंगा। वे आपको कभी भी चोट पहुंचा सकते हैं। उनके साथ खेलना हमेशा शानदार होता है। वे आसपास के माहौल को बेहतर बनाते हैं।”
यह भी पढ़ें: श्रेयस-शुभमन का ध्यान एक-दूसरे की बल्लेबाजी पर ज्यादा था