कोलकाता नाइट राइडर्स में मुझे जो पहचान मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली: श्रेयस अय्यर । CricTracker Hindi

IPL 2025: कोलकाता नाइट राइडर्स में मुझे जो पहचान मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली: श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर को 2025 सीजन में पंजाब किंग्स टीम की कप्तानी करते हुए देखा जाएगा।

Shreyas Iyer (Photo Source: Getty Images)
Shreyas Iyer (Photo Source: Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के फाइनल में श्रेयस अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को तीसरी बार इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की ट्रॉफी जिताई थी। श्रेयस अय्यर ने इस पूरे सीजन में काफी अच्छी कप्तानी की थी और तमाम फैंस का दिल जीत लिया था।

उन्होंने कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी से भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। हालांकि आईपीएल 2025 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें रिलीज कर दिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के इस फैसले को देख तमाम फैंस हैरान रह गए। अब श्रेयस अय्यर को आगामी सीजन में पंजाब किंग्स टीम के कप्तानी करते हुए देखा जाएगा। श्रेयस अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है।

हाल ही में श्रेयस अय्यर ने कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी के साथ अपने रिलेशन को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारतीय बल्लेबाज के मुताबिक आईपीएल जीतने के बाद उन्हें जो पहचान मिलनी चाहिए थी वह उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स में नहीं मिली। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक श्रेयस अय्यर ने कहा कि,’गुस्सा तो नहीं था क्योंकि मैं आईपीएल खेल रहा था। पूरा फोकस यही था कि मैं आईपीएल जीत जाऊं और ऐसा ही हुआ।

मेरी व्यक्तिगत राय यह है कि मुझे वह पहचान नहीं मिली जो मिलनी चाहिए थी और वह भी आईपीएल के जीतने के बाद। आप सही काम कर रहे होते हैं लेकिन कोई भी इसे नहीं देख रहा होता है। यह और भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। जब मैं पहचान की बात कर रहा होता हूं तो इसका मतलब है सम्मान। मैंने जो भी फील्ड में मेहनत की है मुझे उसका सम्मान मिलना चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में श्रेयस अय्यर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे

हाल ही में समाप्त हुए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 48 के ऊपर के औसत से 243 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर आईसीसी इवेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में दो अर्धशतक बनाए थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 79 रन का बनाया था।

यही नहीं भारतीय बल्लेबाज ने फाइनल में भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 48 रन की बहुमूल्य पारी खेली थी। श्रेयस अय्यर को 2025 सीजन में पंजाब किंग्स टीम की कप्तानी करते हुए देखा जाएगा। धाकड़ बल्लेबाज आगामी सीजन में अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।

close whatsapp