IND vs AFG: धवन-कोहली को पीछे छोड़ शुभमन गिल ने बनाया रिकाॅर्ड, ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय बने
आइए आपको गिल के इस रिकाॅर्ड के बारे में जानकारी देते हैं।
अद्यतन - जून 14, 2026 11:15 पूर्वाह्न

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में, कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने इतिहास रचते हुए भारतीय टीम के लिए एक खास रिकाॅर्ड बनाया है। टेस्ट और वनडे कप्तान गिल ने यह कारनामा करते ही शिखर धवन और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।
बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने 66 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 84* रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। साथ ही जैसे ही मुकाबले में उन्होंने अर्धशतक पूरा किया, वैसे ही वह टीम इंडिया के लिए वनडे में सबसे तेज 3 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
गिल से पहले भारत की तरफ से वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज 3 हजार रन बनाने का खास रिकॉर्ड पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के नाम दर्ज था, जिन्होंने 72 पारियों में 3 हजार रन के आंकड़े को छुआ था। वहीं विराट कोहली 75 पारियों में 3 हजार रन बनाने में कामयाब हुए थे।
लेकिन, अब गिल ने महज 62 पारियों में 3 हजार के आंकड़े को पार करते हुए इस विशेष उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है, और भारतीय वनडे इतिहास के सुनहरे अक्षरों में अपना नाम अंकित करा लिया। साथ ही अब वह पूरी दुनिया में वनडे फॉर्मेट के तहत सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं।
भारत ने मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की जीत
दूसरी ओर, इस मैच के बारे में आपको जानकारी दें, तो बारिश की वजह से मुकाबले को 25-25 ओवर का खेला गया। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान 194 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज ने 102 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली।
इसके बाद, भारतीय टीम ने अफगानिस्तान से मिले 195 रनों के टारेगट को 22.5 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान शुभमन गिल 84* और केएल राहुल 39* रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा रोहित शर्मा ने 16, ईशान किशन ने 34 और श्रेयस अय्यर ने 12 रनों का योगदान दिया।