WTC Final: ‘उन्हें जल्दी आउट करके मजा आया…’- शुभमन गिल के विकेट को लेकर स्कॉट बोलैंड ने दिया बड़ा बयान
शुभमन गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की पहली पारी में 13 रन पर विकेट गंवा बैठे।
अद्यतन - Jun 9, 2023 11:27 am

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में टीम इंडिया इस वक्त मुसीबतों से घिरी हुई नजर आ रही है। पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 327 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। जिसके बाद दूसरे दिन में ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड के (163 रन) और स्टीव स्मिथ के (121 रन) के दम पर पहली पारी में 469 रन बनाए। बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने दूसरे दिन के अंत तक 151 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए हैं।
टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज पूरी तरह से फेल होते हुए नजर आए। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल जिनसे टीम इंडिया को बहुत उम्मीदें थी, वह मात्र 13 रन पर स्कॉट बोलैंड के हाथों विकेट गंवा बैठे। शुभमन गिल का विकेट लेने के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने बड़ा बयान दिया है।
हम अब बहुत अच्छी स्थिति में हैं- स्कॉट बोलैंड
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल में पहला झटका भारत को छठे ही ओवर में लगा था, जब कप्तान रोहित शर्मा 15 रन पर विकेट गंवा बैठे। जिसके बाद सातवें ओवर की चौथी गेंद को शुभमन गिल ठीक से समझ नहीं पाए और अपना विकेट गंवा बैठे। शुभमन गिल का विकेट लेने के बाद स्कॉट बोलैंड काफी ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं।
स्कॉट बोलैंड ने ICC पर बात करते हुए कहा, ‘इस टेस्ट के शुरू होने से पहले मैं थोड़ा उत्साहित और नर्वस था। लेकिन इसमैच में शामिल होकर अच्छा लगा। वह (गिल) बहुत अच्छे खिलाड़ी है, उन्हें जल्दी आउट करके बहुत अच्छा लगा। हम अब बहुत अच्छी स्थिति में हैं। हम 2 दिन बाद मजबूत हुए हैं। पिच थोड़ी ऊपर और नीचे हैं और उम्मीद है कि कल भारत के लिए बल्लेबाजी करना और मुश्किल होगा।’
रोहित शर्मा और शुभमन गिल के आउट होने के बाद चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। चेतेश्वर पुजारा (14 रन) पर कैमरून ग्रीन और विराट कोहली (14 रन) पर मिचेल स्टार्क के हाथों विकेट गंवा बैठे।
71 रनों पर 4 विकेट गंवाने के बाद अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा के बाद पांचवे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। रवींद्र जडेजा 51 गेंदो पर 48 रन बनाकर आउट हो गए। टीम इंडिया इस वक्त ऑस्ट्रेलिया से 318 रन पीछे चल रही है। अजिंक्य रहाणे (29 रन) और केएस भरत (5 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद है।