जिम्बाब्वे दौरे पर शुभमन गिल और केएल राहुल की बल्लेबाजी की स्थिति पर देवांग गांधी और दीप दासगुप्ता ने दी राय
2023 वर्ल्ड कप में बतौर सलामी बल्लेबाज खेलेंगे शुभमन गिल!
अद्यतन - अगस्त 15, 2022 11:05 पूर्वाह्न

पूर्व भारतीय चयनकर्ता देवांग गांधी का मानना है कि शुभमन गिल को जिम्बाब्वे के खिलाफ 18 अगस्त से शुरू हो रही आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज में बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर भेजा जा सकता है।
वहीं, दीप दासगुप्ता ने कहा कि भारत फिलहाल केएल राहुल को एशिया कप 2022 में पारी की शुरुआत करने के लिए तैयार करने लिए बतौर ओपनर ही खिलाना चाहेगी, इसलिए शुभमन गिल का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना लगभग तय है। पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज का मानना है कि गिल को 2023 वर्ल्ड कप के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में तैयार किया जा रहा है, इसलिए केएल राहुल कुछ समय बाद मध्य-क्रम में लौट आएंगे।
शुभमन गिल को 2023 वर्ल्ड कप के लिए बतौर ओपनर तैयार किया जा रहा है
देवांग गांधी ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि शुभमन गिल को भारतीय टीम प्रबंधन द्वारा सही तरीके से तैयार किया जा रहा है। युवा बल्लेबाज ने कैरेबियाई दौरे पर वनडे सीरीज में ओपनिंग करते हुए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, और इस समय टीम की फिलॉसोफी खिलाड़ियों को कई स्लॉट के लिए तैयार करना है, इसलिए मुझे लगता है कि जिम्बाब्वे दौरे पर शुभमन को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने भेजा जा सकता है।”
जब देवांग गांधी से पूछा गया कि क्या सलामी बल्लेबाज के रूप में शुभमन गिल को नहीं खिलाना गलत होगा जबकि केएल राहुल को वनडे क्रिकेट में मध्य क्रम के बल्लेबाज के रूप में देखा जाता है, क्योंकि शिखर धवन और रोहित शर्मा भारत के पसंदीदा सलामी बल्लेबाज हैं, जिस पर उन्होंने कहा राहुल को लंबे समय के बाद लौटने के कारण फिलहाल अधिक से अधिक मैच खेलने पर ध्यान देना चाहिए, ना कि बल्लेबाजी स्थिति पर।
पूर्व क्रिकेटर ने अंत में कहा: “देखिए, नंबर 3 एक उचित टॉप-ऑर्डर स्लॉट है। शुभमन को पारी की दूसरी गेंद पर भी आना पड़ सकता है, जो बल्लेबाजी की शुरुआत करने जितना ही अच्छा है। मेरा यह भी मानना है कि एक बार राहुल पर्याप्त मैच खेल ले, फिर वह दोबारा मध्य क्रम में बल्लेबाजी कर सकते है, क्योंकि शुभमन गिल को 2023 वर्ल्ड कप के लिए बतौर ओपनर तैयार किया जा रहा है।”