पुणे में चला गिल का बल्ला, बांग्लादेश के खिलाफ ठोका महत्वपूर्ण अर्धशतक
शुभमन गिल ने 55 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
अद्यतन - Oct 19, 2023 8:20 pm

इस समय वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 17वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 256 रन बनाए।
जवाब में भारतीय टीम ने भी काफी अच्छी शुरुआत की है और टीम की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 55 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने बांग्लादेश के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया। बता दें, शुभमन गिल ने टीम के कप्तान रोहित शर्मा का काफी अच्छी तरह से साथ दिया और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 88 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
इसके बाद उन्होंने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। तबीयत ठीक ना होने की वजह से शुभमन गिल आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद में खेले जा चुके मुकाबले में उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की लेकिन उसमें वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे।
अब एक बार फिर से युवा बल्लेबाज अपने जबरदस्त फॉर्म में वापस आ चुके हैं और इस चीज को देखकर तमाम भारतीय फैंस भी काफी खुश है।
भारत को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले जीतने के लिए 50 ओवर में बनाने होंगे 257 रन
बांग्लादेश की ओर से लिटन दास ने 82 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 66 रनों की बेहतरीन पारी खेली जबकि तंजिद हसन ने 43 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। महमूदुल्लाह ने 46 रनों का योगदान दिया जबकि मुशफिकुर रहीम ने 38 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके। भारत को अगर इस मैच को जितना है तो उन्हें 50 ओवर में 257 रन बनाने होंगे। फिलहाल भारतीय टीम इस समय काफी अच्छी स्थिति में है और इसको देखकर कहा जा सकता है कि वो इस लक्ष्य को आसानी से अपने नाम कर सकती है। इस मैच से पहले भारतीय टीम ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में कुल 3 मैच खेले हैं और तीनों में उन्होंने जीत दर्ज की है।