‘अगर शुभमन गिल की टीम नहीं जीती तो…’- हरभजन सिंह ने इंग्लैंड दौरे से पहले दी चेतावनी
इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल को बनाया गया है टीम इंडिया का कप्तान।
अद्यतन - May 26, 2025 10:54 am

शुभमन गिल को शनिवार, 24 मई को भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया, उन्होंने दिग्गज रोहित शर्मा की जगह ली। पंजाब का यह बल्लेबाज 20 जून को इंग्लैंड के आगामी पांच मैचों के टेस्ट दौरे के दौरान पहली बार भारत की रेड-बॉल टीम की अगुआई करेगा। हरभजन सिंह ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा शुभमन जैसे युवा कप्तान को नियुक्त करने के कदम की सराहना की, जो अभी सिर्फ 25 साल के हैं।
हालांकि, भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा कि शुभमन और उनके डिप्टी ऋषभ पंत के लिए विराट कोहली और रोहित के अचानक रिटायरमेंट से टीम में बनी खाली जगह को भरना मुश्किल होगा, खासकर इंग्लैंड की परिस्थितियों में, जो काफी चुनौतीपूर्ण हैं।
शुभमन गिल को लेकर हरभजन सिंह ने दिया बड़ा बयान
इंडिया टुडे के हवाले से हरभजन सिंह ने कहा कि शुभमन गिल जैसे युवा कप्तान का होना निश्चित रूप से यह शानदार कदम है, जिन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन यह एक कठिन दौरा होने जा रहा है। इंग्लैंड कभी भी आसान दौरा नहीं रहा है। यह एक युवा टीम है। विराट कोहली या रोहित शर्मा नहीं हैं, अचानक उस टीम में एक बड़ा खालीपन आ गया है और उसे भी भरने की जरूरत है, इसलिए शुभमन को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा।
हरभजन ने कहा कि गिल की टीम को समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं लोगों से यह भी कहना चाहूंगा कि भले ही यह दौरा उनके अनुकूल नहीं हो, लेकिन वे जल्दी से आकलन करना शुरू नहीं करें।’’ हरभजन ने कहा, ‘‘भले ही वे जीत नहीं पाएं, तो भी कोई बात नहीं क्योंकि वे इससे सीखेंगे। मुझे विश्वास है कि इस दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’’
हरभजन ने भारतीय क्रिकेट फैंस से आग्रह किया कि अगर इंग्लैंड दौरा अच्छा नहीं गुजरता है तो शुभमन को उनकी कप्तानी के प्रदर्शन से न आंका जाए। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने हरभजन ने कहा कि खिलाड़ी इंग्लैंड में खेलने के अपने अनुभव से ही सीखेंगे और यह उन्हें आगे के टूर्नामेंट में भी काम आएगा।