हेड कोच की अनुपस्थिति पर स्मृति मंधाना का बड़ा बयान, कहा- कोच का ना होना फायदेमंद होता है क्योंकि……..
स्मृति मंधाना का कहना है कि, खिलाड़ियों के मुताबिक यह कोई बड़ी बात नहीं बल्कि यह एक अवसर के जैसा है।
अद्यतन - जुलाई 22, 2023 12:15 पूर्वाह्न

भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना ने हेड कोच को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल भारतीय महिला टीम पिछले कुछ महीने से बिना हेड कोच के ही क्रिकेट खेल रही है। वहीं स्मृति मंधाना ने इसे लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल स्मृति मंधाना का कहना है कि, कोचिंग स्टाफ में अलग अलग सदस्यों से क्रिकेट गुर सीखना फायदेमंद होगा। बता दें पिछले साल दिसंबर में रमेश पोवार को बर्खास्त किए जाने के बाद से महिला क्रिकेट टीम बिना मुख्य कोच के ही हैं। इतना ही नहीं भारतीय महिला टीम ने बिना हेड कोच के ही फरवरी में T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था।
पिछले कुछ महीनों से बिना हेड कोच के ही खेल रही भारतीय महिला टीम
दरअसल छह महीने से अधिक समय तक मुख्य कोच की अनुपस्थिति से टीम की खेल भावना पर कोई असर नहीं पड़ा है और टीम इंडिया इसे कोचिंग स्टाफ के बिना खेलना भी एक अवसर के रूप में देखती है। वहीं इसपर स्मृति मंधाना का कहना है कि, खिलाड़ियों के मुताबिक यह कोई बड़ी बात नहीं बल्कि यह एक अवसर के जैसा है।
बता दें बांग्लादेश के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे से पहले प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्मृति मंधाना ने कहा कि, खिलाड़ियों के लिहाज से यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। हम बेस्ट ब्रांड का क्रिकेट खेलना चाहते हैं। जो भी कोचिंग स्टाफ आया है, वह वास्तव में मददगार रहा है। कभी कभार यह फायदेमंद होता है, नया कोचिंग स्टाफ नए ‘टिप्स’ और नए प्लान के साथ आएगा।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, अगर मैं इसे सकारात्मक तौर पर लूंगी तो यह बहुत अच्छी चीज है। बतौर टीम यह महत्वपूर्ण नहीं है कि हमारे चारों ओर क्या हो रहा है। बल्कि हमारे लिए सबसे ज्यादा अहम यह है कि हम किस तरह का क्रिकेट खेल रहे हैं। हमें सीरीज खत्म होने का इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या होता है। बता दें घरेलू क्रिकेट के दिग्गज अमोल मजूमदार के भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हेड कोच बनने की संभावना है।
यहां पढ़ें : लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप ट्रॉफी का हुआ अनावरण