सोनी और जी एंटरटेनमेंट एक साथ मिलकर IPL की मीडिया राइट्स के लिए लगाएंगे बोली - क्रिकट्रैकर हिंदी

सोनी और जी एंटरटेनमेंट एक साथ मिलकर IPL की मीडिया राइट्स के लिए लगाएंगे बोली

फिलहाल मीडिया राइट्स स्टार इंडिया के पास है।

IPL 2018 BCCI Jammu and Kashmir
IPL trophy. (Photo Source: Twitter)

IPL न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में सबसे लोकप्रिय खेल प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है। इस टूर्नामेंट के प्रसारण का अधिकार लेने के लिए हमेशा बड़े-बड़े मीडिया दिग्गज लाइन में लगे रहते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो सोनी और जी एंटरटेनमेंट आईपीएल 2023-27 के प्रसारण अधिकार के लिए एक साथ बोली लगा सकते हैं।

BCCI ने आईपीएल 2021 के बीच सीजन में ही अगले पांच सालों के लिए इस मेगा टूर्नामेंट के मीडिया राइट्स बेचने के लिए टेंडर जारी करने का ऐलान किया है। भारतीय बोर्ड ने कहा है कि अक्टूबर के अंत तक वो 2023 से 2027 तक के IPL के लिए मीडिया राइट्स का टेंडर जारी करेगा।

फिलहाल, आईपीएल की मीडिया राइट्स स्टार इंडिया के पास है। स्टार ने 2017 में ही 2022 तक के मीडिया राइट्स 16347 करोड़ रुपये में हासिल किए थे और उम्मीद यही की जा रही है कि इस बार मीडिया राइट्स के लिए पिछले बार से कई गुना अधिक कीमत मिल सकती है।

जी एंटरटेनमेंट के बड़े अधिकारी ने मीडिया राइट्स को लेकर क्या कहा?

फाइनेंशियल टाइम्स से बातचीत के दौरान जी एंटरटेनमेंट में मर्जर्स और अधिग्रहण के प्रमुख विकास सोमानी ने कहा कि, निश्चित रूप से खेल एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। यह न केवल हमारे लक्षित दर्शकों का विस्तार करेगा, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हमारी सामग्री की पेशकश को भी समृद्ध करेगा।

दस से अधिक भाषाओं में लगभग 75 समाचार, मनोरंजन, खेल और सिनेमा चैनलों के साथ सोनी-जी एलायंस इस क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा मीडिया हाउस बन गया है। उसकी बाजार हिस्सेदारी 27 फीसदी से भी अधिक है। वहीं, डिज्नी के स्टार इंडिया की बाजार हिस्सेदारी महज 24 फीसदी है।

माना जा रहा है कि आईपीएल के मीडिया राइट्स ई-ऑक्शन के जरिए बेचे जाएंगे, जहां इस बार ये राइट्स पांच सालों के लिए दिए जाएंगे। आईपीएल के मीडिया राइट्स कई छोटे-छोटे हिस्सों में बंटे हैं। इसके तहत भारत में प्रसारण अधिकार, ग्लोबल प्रसारण, टीवी राइट्स और डिजिटल राइट्स के लिए बोली लगेगी। कंपनियां इनके लिए अलग-अलग भी बोली लगा सकती हैं और एक साथ भी सभी राइट्स खरीद सकती हैं।