“एमएस धोनी को एमएस धोनी बनने में 15-20 साल लगे”- ध्रुव जुरेल और MSD की तुलना को लेकर बोले गांगुली
रांची टेस्ट मैच की दोनों पारियों में ध्रुव जुरेल ने की थी शानदार बल्लेबाजी।
अद्यतन - मार्च 1, 2024 12:51 अपराह्न

भारत और इंग्लैंड इस वक्त पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। सीरीज का चौथा मुकाबला रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेली गई, जहां टीम इंडिया ने एक रोमांचक जीत दर्ज की। टीम इंडिया को रांची टेस्ट मैच जीतने में जिस प्लेयर ने सबसे अहम भूमिका निभाई वो थे ध्रुव जुरेल। उन्होंने पहली पारी में 90 रन बनाए तो वहीं दूसरी पारी में वो 39 रन बनाकर नाबाद रहे।
दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग करने के लिए जुरेल को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। ध्रुव जुरेल के इस प्रदर्शन को देख पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर भी काफी खुश हुए थे। उन्होंने युवा विकेटकीपर की तुलना एमएस धोनी से की थी। हालांकि सौरव गांगुली उनके इस बयान से खुश नहीं है और उन्होंने अब जुरेल की धोनी से तुलना करने पर कड़क जवाब दिया है।
एमएस धोनी और ध्रुव जुरेल की तुलना को लेकर सौरव गांगुली की राय
रेवस्पोर्ट्ज से बातचीत के दौरान सौरव गांगुली ने कहा कि, “एमएस धोनी अलग लीग के खिलाड़ी हैं। जुरेल के पास टैलेंट है इसमें कोई संदेह नहीं है…मगर एमएस धोनी को एमएस धोनी बनने में 15-20 साल का समय लगा। तो उसे (जुरेल को) खेलने दें। उसकी योग्यता ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उसकी स्पिनर खेलने की योग्यता, उसकी तेज गेंदबाजों के खिलाफ खेलने की योग्यता। सबसे जरूरी दबाव में उसके खेलने की क्षमता, जो आप एक युवा खिलाड़ी में देखना चाहते हैं। उसके पास अच्छा टेंपरामेंट भी है।”
दरअसल चौथे टेस्ट मैच में कमेंट्री के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा कि, “बेशक उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन उनकी कीपिंग, स्टंप के पीछे उनका काम उतना ही शानदार रहा है। उनकी खेल जागरूकता को देखकर मैं कहना चाहता हूं कि वह उभरते हुए दूसरे एमएस धोनी हैं।
मैं जानता हूं कि कोई दूसरा एमएसडी कभी नहीं हो सकता, लेकिन आप जानते हैं कि उसके पास प्रेजेंस ऑफ माइंड है, एमएसडी ने भी जब शुरुआत की थी, तो वह ऐसा ही था और जुरेल के पास खेल के प्रति जागरूकता है। वह स्ट्रीट-स्मार्ट क्रिकेटर हैं।” बता दें कि, सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 7 मार्च से धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाएगा।