सौरव गांगुली ने की रोहित की वकालत, टी-20 वर्ल्ड कप में कप्तानी के लिए किया फुल सपोर्ट
रोहित शर्मा व विराट कोहली ने करीब दो वर्ष बाद टी-20 टीम में वापसी की है।
अद्यतन - जनवरी 8, 2024 4:59 अपराह्न

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए स्क्वॉड की घोषणा की और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) व विराट कोहली (Virat Kohli) ने करीब दो वर्ष बाद टी-20 टीम में वापसी की है। दोनों खिलाड़ियों ने अपना आखिरी मैच टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।
इसके बाद किसी भी सीरीज में नहीं खेले, तो ऐसे में कयास लगाए जाने लगे कि शायद टीम मैनेजमेंट अब उनसे आगे सोच रहा है। रोहित के गैरमौजूदगी में हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी गई थी और चर्चा थी कि वह आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में भी कप्तान होंगे।
हालांकि, हार्दिक के चोटिल होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने पिछली दो सीरीज में भारतीय टीम का नेतृत्व किया। चूंकि अब वह भी चोटिल हो गए हैं तो टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा को वापस बुलाने का फैसला किया।
रोहित को टी-20 विश्व कप में कप्तानी करनी चाहिए- सौरव गांगुली
अब हाल ही में भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी आगामी टी-20 विश्व कप में टीम के कप्तान के रूप में रोहित का समर्थन किया।
गांगुली ने कहा कि, निश्चित रूप से रोहित को टी-20 विश्व कप में कप्तानी करनी चाहिए। विराट कोहली को भी वहां होना चाहिए। विराट कोहली एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, भले ही वह लंबे अंतराल के बाद टी-20 टीम में वापसी कर रहे हों, इससे कुछ नहीं होगा।
बता दें कि कोहली और रोहित ने T20I में क्रमश: 4008 और 3853 रन बनाए हैं। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली बेहद खतरनाक फॉर्म में थे और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 4 अर्धशतक की मदद से 296 रन बनाए थे।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज गुरुवार 11 जनवरी से पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में शुरू होगी। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 1 जून से वेस्टइंडीज और अमेरिका में होगी।
ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान के हाई परफॉर्मेंस कोच ग्रांट ब्रैडबर्न ने पद से दिया इस्तीफा