बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज की जगह IPL को तवज्जो देंगे साउथ अफ्रीका के ये खिलाड़ी - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज की जगह IPL को तवज्जो देंगे साउथ अफ्रीका के ये खिलाड़ी

IPL के 15वें संस्करण की शुरुआत 26 मार्च को होगी जबकि 29 मई को फाइनल मैच खेला जायेगा।

South Africa. (Photo Source: Twitter)
South Africa. (Photo Source: Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होनी है और कई विदेशी खिलाड़ी इस लीग में शामिल होंगे। जिनमें से कुछ खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के भी हैं। IPL के बीच में साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसके कारण अभी तक उन खिलाड़ियों की उपलब्धता पर भी बादल छाए थे। हालांकि अब इस बात की पुष्टि हो गयी है कि IPL में चुने गए साउथ अफ्रीका के सभी खिलाड़ी IPL को प्राथमिकता देंगे।

हाल ही में साउथ अफ्रीका के टेस्ट कप्तान डीन एल्गर ने कहा था कि वह अपनी टीम के खिलाड़ियों को टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए अनुरोध करेंगे और उन्होंने इस परिस्थिति को अपने खिलाड़ियों के लिए “निष्ठा की परीक्षा” कहा है। हालांकि अब यह बताया गया है कि सभी खिलाड़ियों ने अपने मन से टेस्ट सीरीज के दौरान IPL 2022 में खेलने का निर्णय लिया है।

इससे पहले भी क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से समझौते के बाद इंडियन प्रीमियर लीग के लिए अपने खिलाड़ियों को रिलीज किया है। IPL के दौरान उन्होंने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित न करने का प्रयास किया है। लेकिन इस बार IPL के बीच में साउथ अफ्रीका की टीम बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगी।

“हम अपने खिलाड़ियों को IPL के लिए रिलीज करेंगे”- रिपोर्ट्स

एक करीबी सूत्र ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो को बताया कि “हमने BCCI के साथ मूल समझौते में फैसला किया कि हम अपने खिलाड़ियों को IPL के लिए रिलीज करेंगे। हालांकि IPL की अवधि बड़ी हो गयी है लेकिन हमारा समझौता वही है।”

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कुछ प्रमुख गेंदबाजों की अनुपस्थिति में टीम का गेंदबाजी आक्रमण एक नए रूप में नजर आएगा। टीम में लिजाड विलियम्स और लूथो सिंपाला के शामिल होने की संभावना है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक यह भी बताया जा रहा है कि तेज गेंदबाज रबाडा को पहले टेस्ट के लिए रोका जा सकता है। IPL के कारण लुंगी एन्गिडी और मार्को जानेसन जैसे गेंदबाज भी टीम के लिए नहीं खेल सकेंगे।

close whatsapp