IPL 2027 Trade: 4 करोड़ रुपये में GT का हिस्सा बनेंगे हर्षल पटेल, SRH से ऑल-कैश डील लगभग तय
गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल करियर की पांचवीं फ्रेंचाइजी होगी हर्षल की।
अद्यतन - नवम्बर 14, 2026 7:31 अपराह्न

आईपीएल 2027 की तैयारियों के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को गुजरात टाइटंस (GT) के साथ ट्रेड करने जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच यह सौदा 4 करोड़ रुपये में हो सकता है। यह पूरी डील नकद में होगी और 17 नवंबर 2026 की रिटेंशन डेडलाइन से पहले पूरी होने की उम्मीद है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 के मेगा ऑक्शन में हर्षल पटेल को 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, टीम के लिए उनका प्रदर्शन पिछले दो सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
आईपीएल 2025 में उन्होंने 13 मुकाबलों में 16 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.80 रही थी। वहीं, 2026 के सीजन में वह पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके और उनकी इकॉनमी 10.82 रही।
हर्षल पटेल के गुजरात टाइटंस में शामिल होने की एक खास वजह उनका गुजरात से जुड़ाव भी है। वह घरेलू क्रिकेट में गुजरात की ओर से खेल चुके हैं और अहमदाबाद में रहते हैं। ऐसे में यह फ्रेंचाइजी उनके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है।
गुजरात के पास पहले से कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर जैसे गेंदबाज मौजूद हैं। हर्षल के आने से टीम की गेंदबाजी और मजबूत हो सकती है। खासकर डेथ ओवरों में उनका अनुभव टीम के काम आ सकता है।
हर्षल पटेल का आईपीएल करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 32 विकेट लेकर पहली बार पर्पल कैप जीती थी। इसके बाद 2024 में पंजाब किंग्स के लिए 24 विकेट लेकर दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल की।
ट्रेड विंडो में SRH के बड़े फैसले
सनराइजर्स हैदराबाद इस ट्रेड विंडो में काफी सक्रिय रही है। टीम दिल्ली कैपिटल्स से टी नटराजन को अपने साथ जोड़ चुकी है। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड में खलील अहमद और नाथन एलिस को भी टीम में शामिल किया है।
अगर हर्षल का गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड पूरा होता है, तो वह अपने आईपीएल करियर में पांचवीं फ्रेंचाइजी के लिए खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं।