श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए किया टीम का ऐलान जिसमें 3 नए खिलाड़ियों को मिली जगह
इस 20 सदस्यीय टीम में पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में हिस्सा लेने वाले कई चेहरे शामिल हैं।
अद्यतन - Jan 26, 2022 4:17 pm

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) की चयन समिति ने 26 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी पांच मैचों T20I सीरीज के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस 20 सदस्यीय टीम में पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में हिस्सा लेने वाले कई चेहरे शामिल है।
इस सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम कमान दासुन शनाका ही संभालेंगे। स्पिनर वानिंदु हसरंगा के अलावा कुसल मेंडिस और दनुष्का गुणाथिलका को ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए श्रीलंका टीम में शामिल किया गया है। लेकिन निरोशन डिकवेला को टीम में जगह नहीं मिल पाई।
श्रीलंकाई टीम में लौटे कुसल मेंडिस और दनुष्का गुणाथिलका
बता दें, मेंडिस और गुणाथिलका को इस महीने की शुरुआत में कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के लिए दिए गए एक साल के प्रतिबंध से आजाद कर दिया गया था। श्रीलंका क्रिकेट टीम में तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है, जिनमें शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जेनिथ लियानागे और कामिल मिशारा तथा बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को शामिल किया गया है।
दिनेश चांदीमल और लेग स्पिनर जेफरी वांडरसे को लंका प्रीमियर लीग में अच्छे प्रदर्शन के बाद श्रीलंकाई टीम में वापस बुलाया गया है। श्रीलंका ने तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए दुष्मांता चमीरा का साथ देने के लिए लाहिरु कुमारा, चामिका करुणारत्ने, बिनौउरा फर्नांडो, शिरन फर्नांडो को शामिल किया हैं।
Here's your 🇱🇰 T20I squad for Australia tour 2022 👀 ⬇️#AUSvSL pic.twitter.com/ZaVLZIT2ht
— Sri Lanka Cricket 🇱🇰 (@OfficialSLC) January 26, 2022
श्रीलंका के दिग्गज ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। वह इस समय हेमस्ट्रिंग की चोट से से जूझ रहे हैं और पूरी तरह फिट नहीं हैं। भानुका राजपक्षे को फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाने के बाद ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए नहीं चुना गया है। इस पांच मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज 11 फरवरी से होगा। जिसमें मुकाबले तीन स्थानों सिडनी, मनुका ओवल और मेलबर्न में आयोजित किए जायेंगे।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए श्रीलंका टीम:
दासुन शनाका (कप्तान), चरिथ असालंका (उप-कप्तान), अविष्का फर्नांडो, पथुम निसांका, दनुष्का गुणथिलका, कुसल मेंडिस, दिनेश चांदीमल, चमिका करुणारत्ने, जनिथ लियानागे, कामिल मिशारा, रमेश मेंडिस, वानिंदु हसरंगा, लाहिरु कुमारा, नुवान तुषारा, दुष्मंता चामीरा, बिनौउरा फर्नांडो, महेश तीक्ष्णा, जेफरी वांडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, शिरन फर्नांडो।