श्रीलंका ने भारत-साउथ अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के लिए टीम की घोषणा, तीन अनकैप खिलाड़ियों को मिली जगह
ट्राई सीरीज की शुरुआत 27 अप्रैल से होगी
अद्यतन - Apr 23, 2025 6:30 pm

श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी महिला वनडे ट्राई सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि इस सीरीज की शुरुआत 27 अप्रैल को कोलंबो में खेले जाने वाले पहले मैच से होगी।
यह सीरीज श्रीलंका की महिला टीम के लिए आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की तैयारी के नजरिए से काफी अहम रहने वाली है। इसी के चलते हाल में ही न्यूजीलैंड दौरे पर गई लंकाई टीम में से कुछ खिलाड़ियों में बदलाव देखने को मिले हैं। इसी बदलाव के चलते टीम में तीन अनकैप खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
तो वहीं, श्रीलंका की इस महिला टीम में सबसे बड़ा बदलाव 24 साल की युवा अनकैप स्पिनर मल्की मदारा हैं, जिन्हें नेशनल टीम से पहली बार काॅल-अप मिला है। साथ ही इस टीम में 19 वर्षीय ऑलराउंडर देउमी विहंगा और 29 वर्षीय ऑलराउंडर खिलाड़ी पिउमी बदलगे भी जगह बनाने में सफल रही हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार डेब्यू करने वाली मदारा को टीम में जगह मिली है, जहां उन्होंने एक मैच में 3 विकेट लिए थे, जिसके चलते उन्हें वनडे टीम में शामिल किया गया है। इस बीच, श्रीलंका ने कुछ अनुभवी खिलाड़ियों का स्वागत किया है। इस 17 सदस्यीय टीम में अनुभवी स्पिनर इनोका रानावीरा के साथ हसिनी परेरा और हंसिमा करुणारत्ने को टीम में वापस बुलाया गया है।
महिला वनडे ट्राई सीरीज के लिए श्रीलंका टीम का फुल स्क्वाॅड
चमारी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समाराविक्रमा, विशमी गुणरत्ने, नीलाक्षिका सिल्वा, कविशा दिलहारी, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), मनुदी नानायककारा, हासिनी परेरा, अचिनी कुलसुरिया, पिउमी बदलगे, देउमी विहंगा, हंसिमा करुणारत्ने, मल्की मदारा, इनोशी प्रियदर्शनी, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेववंडी, इनोका राणावीरा।
खैर, देखने लायक बात होगी कि श्रीलंका की यह 17 सदस्यीय महिला टीम भारत और साउथ अफ्रीका की मजबूत महिला टीमों के खिलाफ कैसा करने वाली है?