बल्लेबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद ऑकलैंड में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने दिखाया दम, न्यूजीलैंड को तीसरे वनडे में दी करारी शिकस्त - क्रिकट्रैकर हिंदी

बल्लेबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद ऑकलैंड में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने दिखाया दम, न्यूजीलैंड को तीसरे वनडे में दी करारी शिकस्त

ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए तीसरे वनडे मैच में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 140 रन से जीत दर्ज की।

Srilanka Team (Pic Source-X)
Srilanka Team (Pic Source-X)

ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए तीसरे वनडे मैच में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 140 रनों से जीत दर्ज की। तीसरे वनडे मैच में श्रीलंका की ओर से सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, भले ही श्रीलंका ने तीसरे वनडे को अपने नाम किया हो, लेकिन न्यूजीलैंड ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।

तीसरे वनडे मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 290 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 54 रनों की बहुमूल्य पारी खेली, जबकि पथुम निसांका ने 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 66 रनों का योगदान दिया। कामिन्दु मेंडिस ने 46 रन बनाए, जबकि जेनिथ लियानागे ने 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रनों का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने 10 ओवर में 55 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 10 ओवर में 55 रन देकर दो विकेट हासिल किए। नाथन स्मिथ और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड 150 रन पर हुई ढेर

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान की शुरुआत काफी खराब रही। विल यंग बिना खाता खोले ही आउट हो गए, जबकि रचिन रवींद्र भी एक रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। Daryl Mitchell ने सिर्फ दो रन बनाए जबकि ग्लेन फिलिप्स और टॉम लैथम अपना खाता भी नहीं खोल पाए। न्यूजीलैंड की ओर से मार्क चैपमैन ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाए।

वो मेजबान की ओर से एकमात्र बल्लेबाज थे, जिन्होंने श्रीलंका के गेंदबाजों पर दबाव बनाया हुआ था। कप्तान मिचेल सैंटनर सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। वहीं नाथन स्मिथ ने 17 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की बात की जाए तो एहसान मलिंगा ने सात ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि आसिथा फर्नांडो और महीष तीक्षणा ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। श्रीलंका के गेंदबाजों का प्रदर्शन इस मैच में काफी अच्छा रहा और उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

 

 

close whatsapp