भारत ने 2011 में जहां जीता था वर्ल्ड कप... वहां मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा का हुआ अनावरण - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत ने 2011 में जहां जीता था वर्ल्ड कप… वहां मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा का हुआ अनावरण

सचिन तेंदुलकर के सम्मान में महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा स्थापित की है, जिसका आज 1 नवंबर को अनावरण किया गया है। 

Sachin Tendulkar (Photo Source: X/Twitter)
Sachin Tendulkar (Photo Source: X/Twitter)

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। मास्टर-ब्लास्टर ने दो दशक तक अपने शानदार खेल से फैंस का मनोरंजन किया है और युवाओं को प्रेरणा दी है। धोनी और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों ने भी सचिन तेंदुलकर से प्रेरित होकर ही क्रिकेट को अपना भविष्य चुना। सचिन तेंदुलकर के सम्मान में महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन ने वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा स्थापित की है, जिसका आज 1 नवंबर को अनावरण किया गया है।

Sachin Tendulkar के जीवन के 50 वर्षों के सम्मान में स्थापित की गई है प्रतिमा

भारतीय टीम ने दूसरा क्रिकेट वर्ल्ड कप साल 2011 में श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े में जीता था, और आज उसी स्टेडियम में दिग्गज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) की प्रतिमा स्थापित की गई है। तेंदुलकर भी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। आपको बता दें तेंदुलकर का प्रतिमा मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा क्रिकेटर के जीवन के 50 वर्षों के सम्मान के रूप में स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) स्टैंड पर स्थापित की गई है।

अनावरण कार्यक्रम में बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मुंबई क्रिकेट एसोसिशन के अध्यक्ष अमोल काले, राज्य सभा के सदस्य शरद पवार जैसे दिग्गज शामिल थे। साथ ही सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजली तेंदुलकर, बेटी सारा तेंदुलकर और अर्जुन तेंदुलकर भी कार्यक्रम के दौरान मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान टीम इंडिया के बड़े सपोर्टर और सचिन के बड़े फैन सुधीर चौधरी भी मौजूद थे, उन्होंने शंख बजाया और इंडियन फ्लैग भी लहराया।

सचिन तेंदुलकर जैसा करियर है हर खिलाड़ी का सपना

सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने अपने करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड स्थापित किए हैं, जिसे तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए काफी ज्यादा मुश्किल है। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 664 मैचों में 34,357 रन बनाए हैं। तेंदुलकर ने टेस्ट करियर में 15,921 रन और वनडे में 18,426 रन बनाए हैं।

यह भी पढ़े- World Cup 2023: विराट का बल्ला, वानखेड़े का मैदान, कैसा है दोनों का कनेक्शन जानिए यहां

सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में 201 विकेट भी अपने नाम किया है। वहीं तेंदुलकर के आईपीएल करियर की बात करें तो मुंबई इंडियंस के लिए (2008-2013) 6 सीजन में खेलते हुए 78 मैचों में उन्होंने 34.84 की औसत से 2334 रन बनाए हैं, जिसमें 13 अर्धशतक शामिल है।

close whatsapp