वीडियो: लाहौर टेस्ट के बीच में स्टीव स्मिथ ने मैदान पर खड़ा कर दिया नया तमाशा
टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
अद्यतन - मार्च 21, 2022 3:19 अपराह्न

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच इस वक्त लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही, मेहमान टीम ने महज आठ रनों के स्कोर तक डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन का विकेट गंवा दिया था।
हालांकि इसके बाद स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा ने मिलकर पारी को संभाला। जब स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी कर रहे थे तब मैदान पर एक मजेदार घटना देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया टीम के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ लाहौर टेस्ट के दौरान रोबो कैमरे से काफी खफा नजर आए। इसका वीडियो पाकिस्तान क्रिकेट ने शेयर किया है।
दरअसल यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 11वें ओवर में ही हुआ, जब हसन अली की बॉल पर स्टीव स्मिथ ने डिफेंस शॉट खेला, लेकिन लेग साइड में बाउंड्री के बाहर कैमरा घूम रहा था इसी वजह से स्मिथ का ध्यान बल्लेबाजी के दौरान भंग हुआ। शॉट खेलते ही स्मिथ ने कैमरा की तरफ इशारा करते हुए नजारगी व्यक्त की और अंपायर से इसकी शिकायत की।
यहां देखिए स्टीव स्मिथ का वो वीडियो
The buggy sends its apologies @stevesmith49 🙏🏼 #BoysReadyHain l #PAKvAUS pic.twitter.com/CdfAsnY8aQ
— Pakistan Cricket (@TheRealPCB) March 21, 2022
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 2009 के बाद पहली बार कोई टेस्ट मैच खेला जा रहा है। 2009 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान ही इस स्टेडियम पर आतंकी हमला हुआ था। जिसके बाद पाकिस्तान में लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला जा सका। ऑस्ट्रेलियाई टीम भी 24 साल बाद पाकिस्तान के दौरे पर आई है।
वहीं इस सीरीज की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान दौरे पर अभी तक दो टेस्ट खेले जा चुके हैं, इनमें रावलपिंडी, कराची टेस्ट ड्रॉ हुआ था। अभी तक खेले गए दोनों मैचों की पिच को लेकर पाकिस्तान बोर्ड को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है, क्योंकि उन दोनों मैच में पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली थी।