टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के बाद मैथ्यू हेडन ने पाकिस्तान टीम का शानदार तरीके से बढ़ाया मनोबल - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार के बाद मैथ्यू हेडन ने पाकिस्तान टीम का शानदार तरीके से बढ़ाया मनोबल

मैथ्यू हेडन टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भी पाकिस्तान टीम के मेंटर थे जो UAE में खेला गया था।

Matthew Hayden (Pic Source-Twitter)
Matthew Hayden (Pic Source-Twitter)

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर यह ट्रॉफी दूसरी बार अपने नाम की। बता दें, सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई थी लेकिन इंग्लैंड ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह कप अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले के बाद पाकिस्तान टीम के मेंटर मैथ्यू हेडन को ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए देखा गया। मैथ्यू हेडन ने खिलाड़ियों को यह कहकर प्रोत्साहित किया कि उन्होंने बड़े टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और साथ ही अगले साल भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम जीत दर्ज करेगी।

मुझे पाकिस्तान टीम से पूरा भरोसा है कि वो वर्ल्ड कप अपने नाम करेगी: मैथ्यू हेडन

PCB ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल में एक वीडियो साझा की है जिसमें मैथ्यू हेडन कह रहे हैं कि, ‘आज से 1 महीने पहले की बात को याद कीजिए जो मैंने आपसे कहा था जब आप मेरे घर में खाना खा रहे थे। मैंने कहा था कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप लोग वर्ल्ड कप अपने नाम करेंगे। लेकिन अभी भी यह बिल्कुल नहीं बदला है और मुझे पूरा भरोसा है कि यह टीम वर्ल्ड कप अपने नाम कर सकती है।

और साथ ही मुझे यह भी भरोसा है कि अब हमें पता चल गया है कि कैसे बड़े टूर्नामेंट में आगे बढ़ना है। कैसे अच्छे प्रदर्शन की तारीफ करनी चाहिए और कैसे अपनी कमजोरियों से उबरना चाहिए।’

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर ने आगे कहा कि, ‘अब वनडे वर्ल्ड कप अगले साल भारत में है और मुझे पूरा भरोसा है कि यह वर्ल्ड कप हमारी टीम ही अपने नाम करेगी। यह देख कर मुझे काफी अच्छा लगा कि इस टूर्नामेंट में हम काफी आगे तक आ गए।’

यह रही वीडियो:

बता दें, मैथ्यू हेडन टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भी पाकिस्तान टीम के मेंटर थे जो UAE में खेला गया था। सुपर 12 में तो पाकिस्तान टीम ने एक भी मैच नहीं हारा लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया ने मात दी जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराया।

फाइनल में इंग्लैंड की ओर से ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और सैम करन ने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को जीत दिलाई। 2010 के बाद टी-20 वर्ल्ड कप को इंग्लैंड ने दूसरी बार अपने नाम किया।

close whatsapp