WTC Final में घटी अजीब घटना, ड्रेसिंग रूम में जाकर वापस आई ऑस्ट्रेलियाई टीम - क्रिकट्रैकर हिंदी

WTC Final में घटी अजीब घटना, ड्रेसिंग रूम में जाकर वापस आई ऑस्ट्रेलियाई टीम

भारतीय पारी के दौरान 69वें ओवर एक अजीब घटना घटी, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

Australia Cricket Team (Photo Source: Twitter)
Australia Cricket Team (Photo Source: Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन टीम इंडिया की पहली पारी 296 रनों पर समाप्त हो गई। अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और टीम के लिए मुश्किल वक्त में रन बनाए।

रहाणे ने 17 महीने बाद टेस्ट में वापसी करते हुए अर्धशतक जड़ा, लेकिन मात्र 11 रन से शतक से चूक गए। दूसरी ओर शार्दुल ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया और ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा टीम के लिए कोई और बड़ी पारी नहीं खेल सका।

वहीं मुकाबले के तीसरे दिन भारत ने आखिरी विकेट के रूप में शमी को खोया, लेकिन इससे पहले 69वें ओवर में एक अजीब घटना घटी, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। दरअसल, कैमरन ग्रीन के सामने मोहम्मद सिराज थे। ग्रीन की पांचवीं गेंद पैड पर लगी और अंपायर ने उंगली खड़ी कर दी।

इसके बाद बिना देर किए सिराज ने डीआरएस ले लिया। जिसमें साफ-साफ दिखा कि गेंद बल्ले पर लगी है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों ने यह सोचकर मैदान छोड़ दिया था कि सिराज आउट हो गए हैं, लेकिन भारत के सफल डीआरएस के बाद अंपायर के फैसला बदलते ही उन्हें वापस अपनी पोजिशन लेनी पड़ी।

यहां देखिए वीडियो-

तीसरे दिन टीम इंडिया 296 पर ऑलआउट

मुकाबले की बात करें तो पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती विकेट गंवाने के बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ की साझेदारी की बदौलत शानदार वापसी की। हेड और स्मिथ ने 285 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की, जिसकी बदौलत कंगारू टीम ने पहली पारी में 469 रन बनाए। ट्रेविस हेड ने 174 गेंदों में 163 रन बनाए, जबकि स्टीव स्मिथ ने 268 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 121 रनों की पारी खेली।

दूसरे दिन इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। उसके शीर्ष के चारों बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा ने 51 गेंदों पर 48 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं तीसरे दिन अजिंक्य रहाणे (89) और शार्दुल ठाकुर (51) ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के आउट होने के बाद भारतीय टीम 296 रन पर सिमट गई।

close whatsapp