‘पाकिस्तान ही जीतेगा मुकाबला’- भारत-पाक मैच को लेकर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का बयान
भारत एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगा।
अद्यतन - Aug 30, 2023 12:20 pm

वेस्टइंडीज और आयरलैंड दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया अब एशिया कप खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगा जो 2 सितंबर को कैंडी में खेला जाएगा।
भारत ने हाल ही में इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली की टीम में वापसी हुई है। वहीं लंबी चोट के बाद श्रेयस अय्यर भी टीम में जगह बनाने में सफल रहे। लेकिन केएल राहुल अभी भी अनफिट हैं और वो पहले दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
वहीं एशिया कप के लिए भारत की गेंदबाजी की बात करें तो चोट के बाद जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हुई है, जो मोहम्मद शमी के साथ तेज गेंदबाजी क्रम का नेतृत्व करेंगे। वहीं चोट के बाद वापसी करने वाले बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा ने आयरलैंड में शानदार प्रदर्शन किया था और यह जोड़ी एशिया कप के लिए टीम इंडिया का हिस्सा है।
इस एशिया कप के लिए टीम इंडिया ने वैसे तो एक मजबूत टीम का ऐलान किया है लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट को ऐसा लगता है कि 2 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले में पाकिस्तान की जीत होगी। उन्होंने दोनों टीमों की तुलना करने के बाद ये बयान दिया है।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने भारत-पाक मैच को लेकर दिया बड़ा बयान
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “भारत की तेज गेंदबाजी पर नजर डालें तो फिटनेस चिंता का विषय है। खिलाड़ी लंबे समय से अनफिट हैं, हमें नहीं पता कि क्या वे नाजुक हैं, क्या वे पूरी ताकत झोंक देंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा उनके पास ऐसे युवा खिलाड़ी हैं, जिन्होंने काफी क्रिकेट खेली है, लेकिन उनके पास उतना अनुभव नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “भारत ने तभी मैच जीते हैं जब रोहित शर्मा ने अच्छा खेला हो या विराट कोहली ने कुछ शानदार प्रदर्शन किया हो। जब जिम्मेदारी दूसरों पर होती है तो उन्हें अधिकतर मैचों में संघर्ष करना पड़ता है।”
साथ ही में उन्होंने ये भी कहा कि, “पाकिस्तान के पास बाबर, रिजवान, फखर, शादाब, शाहीन, हारिस रऊफ हैं। और मेरी राय में पाकिस्तान के पास बहुत बड़ा कोर ग्रुप है। भारत के पास भी जड़ेजा, शमी, बुमराह, रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे मैच विनर खिलाड़ी हैं। लेकिन उनकी बल्लेबाजी कमजोर है, अगर पाकिस्तान दो बड़े विकेट ले लेता है तो दूसरों को बहुत कुछ साबित करना होगा।”