हांगकांग के खिलाफ धीमी पारी खेलने के बाद आलोचना का शिकार हो रहे केएल राहुल के समर्थन में आए सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

हांगकांग के खिलाफ धीमी पारी खेलने के बाद आलोचना का शिकार हो रहे केएल राहुल के समर्थन में आए सुनील गावस्कर

केएल राहुल ने हांगकांग के खिलाफ 39 गेंदों में 36 रनों की धीमी पारी खेली।

KL Rahul and Sunil Gavaskar (Image Source: Getty Images)
KL Rahul and Sunil Gavaskar (Image Source: Getty Images)

भारत के स्टार बल्लेबाज और सीमित ओवरों की टीम के उप-कप्तान केएल राहुल एक बार फिर आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं, क्योंकि वह अब तक जारी एशिया कप 2022 में बल्ले के साथ अपनी काबिलियत के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

आपको बता दें, एशिया कप 2022 में भारत के पहले मुकाबले में केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ शून्य पर आउट हुए थे, और फिर 31 अगस्त को हांगकांग के खिलाफ 39 गेंदों में 36 रनों की धीमी पारी खेल खुद को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने जिम्बाब्वे दौरे पर वापसी की थी, और उस दौरान भी वह कुछ खास रन नहीं बना पाए थे, और अब एशिया कप में उनके संघर्ष को देख टीम इंडिया में उनकी जगह पर सवाल उठाए जा रहे है।

सुनील गावस्कर ने संघर्षरत केएल राहुल का किया समर्थन

जिसके चलते पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर केएल राहुल के बचाव में आए हैं। दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि जब अन्य खिलाड़ियों को कई असफलताओं के बाद भी टीम से बाहर नहीं किया जाता, तो फिर केएल राहुल को लगातार मौके क्यों नहीं दिए जा सकते।

सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “मुझे लगता है कि केएल राहुल एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, और अगर भारतीय टीम प्रबंधन अन्य खिलाड़ियों को बार-बार मौका देते हैं, तो फिर केएल राहुल को कुछ असफलताओं के बाद लगातार मैचों में क्यों नहीं दे सकते?

वह भारतीय टीम के उप-कप्तान भी है। आप उसे एक के बाद मौके दें रहे हैं, क्योंकि हम सभी ने देखा है कि वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में क्या करने में सक्षम है। उन्होंने चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी की है, इसलिए उनमें लय नजर नहीं आ रही है, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि वह अपने फॉर्म में जल्द लौट आएंगे, उनकी वह लय वापस आएगी और जब आएगी तो यह विपक्ष के लिए विनाशकारी होगी।”

close whatsapp