मुझे लगता है कि इस सीरीज के बाद वह खुद को भारतीय टेस्ट टीम में पूरी तरह से स्थापित कर लेंगे- पूर्व दिग्गज क्रिकेटर का बयान
यशस्वी जायसवाल भारत के लिए निरंतरता के साथ कर रहे हैं अच्छा प्रदर्शन।
अद्यतन - जनवरी 21, 2024 1:26 अपराह्न

पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए यशस्वी जायसवाल का समर्थन किया है। भारत के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका में भारत के लिए ओपनिंग करने के बाद, जयसवाल घरेलू परिस्थितियों में भी काफी सफल होंगे।
यशस्वी जायसवाल अब टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह पक्की कर लेंगे- सुनील गावस्कर
शनिवार (20 जनवरी) को सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो गेम्प्लान में बताया कि, “यशस्वी जयसवाल घरेलू परिस्थितियों में आसानी से जम जाएंगे। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। मुझे लगता है कि इस सीरीज के बाद वह खुद को भारतीय टेस्ट टीम में पूरी तरह से स्थापित कर लेंगे।”
वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 171 रन बनाने वाले जायसवाल दक्षिण अफ्रीका में हाल ही में समाप्त हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान केवल 50 रन ही बना सके। इस सीरीज में शुभमन गिल, भारत के कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर भी क्रमशः 74, 60 और 41 रन ही बना पाए थे।
गावस्कर ने आगामी टेस्ट सीरीज में 2023 वनडे वर्ल्ड कप की सफलता को दोहराने के लिए श्रेयस अय्यर का भी सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि, “वर्ल्ड कप में, श्रेयस अय्यर ने भारतीय पिचों पर शानदार बल्लेबाजी की, इसलिए मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ट सीरीज में भी नंबर 5 पर इसी तरह खेलेंगे। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की, शुरुआत में काफी सतर्क थे और फिर बाद में उन्होंने स्ट्रोक लगाए। पिच को पढ़ना आनंददायक था। मुझे उम्मीद है कि वह इसे दोहराएगा।”
2023 वनडे वर्ल्ड कप में श्रेयस अय्यर ने 11 पारियों में 530 रन बनाए, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक लगाए। मध्यक्रम बल्लेबाज ने 12 टेस्ट मैचों में 39.28 की औसत से 707 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्द्धशतक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा ने एक और माइलस्टोन किया अपने नाम