विराट कोहली को लेकर सुनील गावस्कर के कड़वे बोल

IND vs ENG: आपको बड़े नामों की जरूरत नहीं है…भारत विराट के बिना भी जीत सकता है- सुनील गावस्कर

विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से लिया है आराम।

Sunil Gavaskar and Virat Kohli. (Photo Source: Getty Images & Twitter)
Sunil Gavaskar and Virat Kohli. (Photo Source: Getty Images & Twitter)

टीम इंडिया इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस सीरीज में भारत फिलहाल 3-1 से आगे है और इसका अंतिम मुकाबला 7 मार्च से धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा। आपको बता दें कि टीम इंडिया विराट कोहली, केएल राहुल जैसे अपने सीनियर प्लेयर्स की गैरमौजूदगी में अच्छा प्रदर्शन किया है।

इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज में शुभमन गिल, सरफराज खान, यशस्वी जायसवाल, आकाशदीप जैसे प्लेयर्स को मिला और इन सभी प्लेयर्स ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए जीत में अपना अहम योगदान दिया। विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ जारी 5 मैच की टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं है। उन्होंने अपने दूसरे बच्चे के जन्म के चलते ब्रेक लिया।

मैच जीतने के लिए आपको बड़े नामों की जरूरत नहीं है- सुनील गावसकर

इसी बीच भारतीय खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस से सुनील गावस्कर काफी खुश नजर आए। गावस्कर ने बड़ा बयान देते हुए स्पोर्ट्स तक से कहा, “इसीलिए मैं हमेशा कहता हूं, आपको बड़े नामों की जरूरत नहीं है… अगर कोई बड़ा नाम सोचता है कि भारत उसके बिना नहीं जीतेगा तो इन दो सीरीज ने दिखाया है कि आप वहां हैं या नहीं (इससे कोई फर्क नहीं पड़ता)। क्रिकेट एक टीम गेम है। यह किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है।”

सुनील गावस्कर ने यहां इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के अलावा ऑस्ट्रेलिया की उस टेस्ट सीरीज को भी याद किया है जहां भारत ने युवा खिलाड़ियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया का गाबा का घमंड तोड़ा था और सीरीज को 2-1 से जीता था। बता दें, उस सीरीज का भी कोहली पहले मैच के बाद हिस्सा नहीं थे। वह अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट आए थे।

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि, “भारत को ऑस्ट्रेलिया में कई बड़े नामों की कमी खली थी लेकिन फिर भी वे न केवल गाबा में बल्कि मेलबर्न में भी शानदार जीत हासिल करने में सफल रहे थे। उन्होंने 36 पर ऑलआउट होने के बाद वापसी की। मेलबर्न में जीत हासिल की और फिर सिडनी टेस्ट मैच बचाने के लिए कड़ी मेहनत की। अगर ऋषभ पंत आधे घंटे तक क्रीज पर टिक जाते तो भारत वह मैच भी जीत सकता था।”

close whatsapp