आखिर क्यों सुरेश रैना को भगवान का दर्जा दे रहे हैं, युवा तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी
त्यागी ने कहा कि उस समय मुझे उम्मीद नहीं थी कि रैना जैसे बड़े खिलाड़ी उनके प्रदर्शन पर ध्यान देंगे।
अद्यतन - अप्रैल 21, 2022 5:02 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी सुरेश रैना को हमेशा से ही टीम मैन के नाम से जाना जाता है, फिर चाहे वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेले या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) या गुजरात लायंस (GL) के लिए। हमने बहुत बार सुरेश रैना को खिलाड़ियों में जोश भरते हुए देखा है। अगर कोई खिलाड़ी अपने अर्धशतक या शतक से चूक जाता है तो भी हमने रैना को देखा है कैसे वह उनको दिलासा देते हैं कि उन्होंने बहुत अच्छा खेला।
एक अच्छे इंसान के साथ वो अच्छे बल्लेबाज और फील्डर हैं। भारत के सबसे अच्छे फील्डरो में से एक रैना को हमने कई बार मैदान में डाइव लगाकर कैच लपकने, रन रोकने और रन आउट करते हुए देखा है। चाहे अंतरराष्ट्रीय स्तर की बात हो या रणजी, IPL या किसी भी स्तर के खेल की रैना हमेशा गेंदबाज और फील्डर का मनोबल बढ़ाते हुए ही देखें जाते हैं। रैना बल्लेबाज के साथ साथ पार्ट टाइम गेंदबाज भी हैं। टीम को जब उनकी जरूरत होती है तो रैना अपनी गेंदबाजी से विकेट भी चटकाते हुए नजर आते हैं।
रैना कई लोगों के लिए आदर्श भी माने जाते हैं और कई ऐसे लोग भी हैं जिनको खुद रैना ने ट्रेन किया है और उनके अंदर क्रिकेट खेलने का साहस भी पैदा किया है। इन्हीं में से एक नाम है कार्तिक त्यागी। कार्तिक अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं और इस साल वो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हुए हैं। बता दे कि, कार्तिक को 2020 अंडर-19 विश्व कप से पहचान मिली। इस विश्व कप में कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा विकेट (11) भारत की तरफ से लिए थे।
उनके प्रदर्शन को देखते हुए साल 2020 में ही आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 20 लाख में खरीदा साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उनका नाम भारतीय टीम में भी शामिल किया गया था। इस साल कार्तिक त्यागी को सनराइजर्स हैदराबाद में 4 करोड़ रुपए में खरीदा। लेकिन कार्तिक हमेशा सब से यही कहते हुए नजर आए कि आज वो जिस मुकाम में है उस मुकाम में पहुंचने में सुरेश रैना का बड़ा योगदान रहा है।
हैदराबाद की फ्रेंचाइजी की एक वीडियो में कार्तिक बोलते हुए नजर आ रहे हैं कि, वो सभी से एक बात कहते हैं कि, सुरेश रैना उनकी जिंदगी में अंडर-16 खेल के बाद किसी भगवान की तरह आए। जब वो 13 साल के थे तो उन्होंने अंडर-14 के ट्रायल दिए और इसके बाद से ही उनके क्रिकेट यात्रा की शुरुआत हुई।
सुरेश रैना मेरे लिए किसी भगवान से कम नहीं- कार्तिक त्यागी
उन्होंने आगे कहा कि, अंडर-14 में मेरा सिलेक्शन हुआ और उसके बाद अंडर-16 में मेरा चयन हुआ। अंडर-16 के एक सीजन में मैंने सिर्फ 7 मुकाबलों में 50 विकेट लिए थे। इस प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं के बीच मेरा नाम आना शुरू हो गया। इसके बाद ज्ञानेंद्र सर ने मुझे परखा और कहा कि मेरे प्रदर्शन से वो प्रभावित हैं और वो मुझे आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।
इसके बाद मैं रणजी ट्रॉफी कैंप पहुंचा। मैं वहां सबसे छोटा था और बाकी सब वहां स्थापित खिलाड़ी थे। एक बार की बात है कि वहां सुरेश रैना भी आए। उन्होंने कहा कि रैना भैया प्रैक्टिस के बाद जाने वाले थे। मगर मुझे नहीं पता था कि वो दोबारा इस मैदान पर क्यों है। वो मेरे पास है और मेरी भूमिका पूछी। मैंने कहा कि मैं गेंदबाज हूं। फिर उन्होंने मुझे नेट्स पर बुलाया। उन्होंने मेरी गेंदबाजी देखी और कहा कि उनको मेरी गेंदबाजी पसंद आई है और उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि वो भविष्य में मुझे मौका जरुर दिलाएंगे।
त्यागी ने कहा कि उस समय मुझे उम्मीद नहीं थी कि रैना जैसे बड़े खिलाड़ी उनके प्रदर्शन पर ध्यान देंगे। मैं थोड़ा हैरान हो गया कि इतने बड़े खिलाड़ी ने मेरी तारीफ की। मुझे लगा कि वह मजाक कर रहे हैं जब उन्होंने कहा कि मैं अच्छा कर रहा हूं तो मुझे विश्वास नहीं हुआ कि आने वाले समय में मुझे खेलने का भी मौका मिलेगा। लेकिन आज मैं जहां भी हूं उन्हीं की बदौलत हूं, अगर रैना भईया ना होते तो मैं आज इस मुकाम में ना होता।