इधर पंत को प्लेइंग XI में जगह नहीं मिल रही है और उधर रैना उनको टीम इंडिया का X-फैक्टर बता रहे हैं
रैना ने पंत का समर्थन करने के लिए गौतम गंभीर और युवराज सिंह का उदहारण दिया।
अद्यतन - अक्टूबर 20, 2022 11:28 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के पूर्व अनुभवी मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सुरेश रैना ने ऋषभ पंत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनके टीम में होने से टीम को विविधिता मिलेगी और वह महत्वपूर्ण मैचों में एक्स-फैक्टर की भूमिका निभा सकते हैं। रैना का मानना है कि टीम की प्लेइंग इलेवन में ऋषभ के होने से टी-20 वर्ल्ड में टीम इंडिया की बल्लेबाजी में विविधिता आएगी।
इसके अलावा, रैना ने भारतीय क्रिकेट के दो पूर्व वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी गौतम गंभीर और युवराज सिंह का उदाहरण भी दिया कि कैसे इस जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका में 2007 टी-20 विश्व कप जीतने में मेन इन ब्लू की मदद की थी और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था।
ऋषभ पंत को लेकर सुरेश रैना ने दिया बड़ा बयान
मिस्टर आईपीएल और टीम इंडिया के शानदार फील्डरों में शुमार रहे सुरेश रैना ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि, “दिनेश कार्तिक अच्छे फॉर्म में हैं और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन दिया है। लेकिन अगर ऋषभ पंत टीम में हैं, तो वो आपके किए एक्स-फैक्टर की भूमिक निभा सकते हैं क्योंकि वह बाएं हाथ के बल्लेबाज है।
हमने देखा कि 2007 टी-20 विश्व कप में गौतम गंभीर ने कैसा प्रदर्शन किया और युवराज सिंह ने छह छक्के लगाए थे। फिर 2011 विश्व कप में टीम इंडिया की जीत में दोनों ने बड़ी भूमिका निभाई। इसलिए मुझे लगता है कि बाएं हाथ का बल्लेबाज होने से आपको काफी फायदा मिलता है।”
इसके अलावा उन्होनें कहा कि, ‘वह (ऋषभ पंत) जानता है कि पहली गेंद पर छक्का कैसे मारा जाता है। अगर उसे मौका मिलता है, तो वह निश्चित रूप से अच्छा करेगा।’ साथ ही आपको बता दें कि ऋषभ पंत पिछले कुछ समय से (टेस्ट और वनडे में) शानदार फॅार्म में चल रहे हैं। हालांकि टी-20 क्रिकेट में वह अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे हैं।