आखिर क्यों भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा सूर्यकुमार यादव का फॉर्म एक चिंता का भी विषय है!
साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत को तीसरे टी-20 मैच में 49 रनों से मात दी है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2022 10:09 अपराह्न

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी घरेलू जमीन पर 3 मैचों की टी-20 सीरीज को शानदार तरीके से 2-1 से अपने नाम किया। इस सीरीज में भी बल्ले से सूर्यकुमार यादव का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उनके बल्ले से कुल 119 रन देखने को मिले। इस पूरे साल अब तक सूर्यकुमार लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में काफी अच्छे फॉर्म में दिखाई दिए हैं और अब उनसे आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में भी इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद सभी कर रहे हैं।
मेगा इवेंट के दौरान सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक होंगे जिनके प्रदर्शन पर भी काफी कुछ निर्भर करने वाला है। हालांकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने उनके फॉर्म को लेकर थोड़ी चिंता भी व्यक्त की है। दरअसल रोहित ने यह बात मजाकिया अंदाज में तीसरे टी-20 मैच के खत्म होने के बाद प्रजंटेशन समारोह में मुरली कार्तिक के साथ बातचीत करने के दौरान कही।
जिसमें मुरली कार्तिक से बातचीत के दौरान रोहित शर्मा ने टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले अपनी कुछ चिंताओ को लेकर पूछने पर कहा कि सूर्यकुमार यादव का फॉर्म जरूर एक चिंता है। जिसे कहने के बाद रोहित उसी समय हंसते हुए भी दिखाई दिए।
वहीं इसके बाद मुरली कार्तिक ने रोहित को कहा कि, यह आपके लिए सबसे कम चिंताजनक बातों में एक होगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जल्दी रवाना होने को लेकर रोहित ने कही यह बात
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम लगभग 2 हफ्ते पहले ही ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो रही है, जबकि अभी साउथ अफ्रीका के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी बाकी है। लेकिन उसमें भारतीय टीम के कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिसकी कप्तानी शिखर धवन कर रहे हैं। लेकिन वहीं दूसरी तरफ सीनियर टीम ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो जाएगी।
इसी को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, टीम में शामिल कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार ऑस्ट्रेलिया में खेलने जा रहे हैं। जिसमें गेंदबाजों को वहां के हालात के बारे में अधिक अनुभव हासिल नहीं है ऐसे में हमारे वहां पर जल्दी जाकर अभ्यास करने से लाभ मिलेगा ताकि सभी खिलाड़ी खुद को वहां के हालात में ढाल सके। जिसमें हम पर्थ में जाकर अभ्यास करेंगे और वहां की उछाल भरी पिच से हमें काफी कुछ अंदाजा लगेगा।