टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होते ही वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर लटकी CWI की तलवार - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर होते ही वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों पर लटकी CWI की तलवार

वेस्टइंडीज टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई, जिस पर CWI ने गहरी निराशा जाहिर की है।

West Indies Team (Image Source: Getty Images)
West Indies Team (Image Source: Getty Images)

वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गई है। निकोलस पूरन की अगुआई वाली टीम को 21 अक्टूबर को होबार्ट में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए अपने अंतिम ग्रुप मैच में नौ विकेट की शिकस्त झेलनी पड़ी, और इस हार के साथ उनका टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सफर भी समाप्त हो गया। जिसके बाद वेस्टइंडीज का अपने क्रिकेट बोर्ड के आक्रोश का सामना करना तय है।

वेस्टइंडीज को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर 12 में जगह बनाने के लिए दो ग्रुप मैचों में जीत दर्ज करनी थी, लेकिन वे ऐसा कर पाने में नाकाम रहे, नतीजन श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और नीदरलैंड ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले राउंड में ही टीम के बाहर होने पर दी प्रतिक्रिया

वेस्टइंडीज के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप स्टेज में निराशाजनक प्रदर्शन और टूर्नामेंट से शर्मनाक विदाई के बाद क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने 22 अक्टूबर को अपना आक्रोश जताते हुए कहा है कि टीम की इस घोर विफलता का गहराई से पोस्टमार्टम किया जाएगा। CWI के अध्यक्ष ने कहा कि वह टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन से बहुत निराश हैं, और अब उन्हें प्रदर्शन में सुधार के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने पड़ेंगे।

रिकी स्केरिट ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “हमारी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की तैयारी और प्रदर्शन के सभी पहलुओं का गहन पोस्टमार्टम किया जाएगा। मैं ऑस्ट्रेलिया में अपनी टीम के प्रदर्शन से बहुत निराश हूं और मैं लोगों में निराशा की भावना को महसूस कर सकता हूं, जिसे हमारे फैंस अनुभव कर रहे हैं।

धीमी गेंदबाजी के खिलाफ हमारे बल्लेबाजों की कमजोरी ऑस्ट्रेलिया में स्पष्ट रूप से नजर आई। शॉट चयन हमारी सीनियर टीम की टी-20 बल्लेबाजी संस्कृति में गहराई से अंतर्निहित प्रतीत होता है। हालांकि, सभी पहलुओं और खेल के सभी प्रारूपों में क्रिकेट की गुणवत्ता और स्थिरता में सुधार के लिए CWI की रणनीति को ध्यान में रखते हुए समाधान ढूंढा जाएगा। वेस्टइंडीज क्रिकेट किसी एक व्यक्ति या घटना से कहीं बड़ा है, और इसे सभी हितधारकों की मदद और समर्थन की आवश्यकता है।”

close whatsapp