T20 World Cup 2026: सुपर 8 मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 61 रनों से हारकर, टूर्नामेंट से बाहर हुई श्रीलंका
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 107 रन ही बना सकी श्रीलंका
अद्यतन - फरवरी 25, 2026 10:59 अपराह्न

न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 46वां मैच आज 25 फरवरी, बुधवार को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला गया। बता दें इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए सह-मेजबान श्रीलंका के खिलाफ 61 रनों से जीत हासिल की है।
इस जीत के बाद न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की ओर मजबूत से कदम बढ़ा दिए हैं। तो वहीं, श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। श्रीलंका की यह सुपर 8 में लगातार दूसरी हार थी। न्यूजीलैंड से पहले श्रीलंका को इंग्लैंड ने 51 रनों से हराया था।
न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, टी20 वर्ल्ड कप के 46वें मैच का हाल
मुकाबले के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो श्रीलंका ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद, पहले बल्लेबाजी करते हुए एक समय लग रहा था कि 84 रनों पर 6 विकेट गंवाने वाली कीवी टीम 130 से ज्यादा का स्कोर नहीं बन पाएगी।
लेकिन 7वें विकेट के लिए कप्तान मिचेल सेंटनर (47) और कोल मैकोनी (31*) के बीच हुई रिकाॅर्ड 84 रनों की साझेदारी के दम पर, न्यूजीलैंड ने 7 विकेट के नुकसान पर कुल 168 रन बनाए और श्रीलंका के सामने जीत के लिए एक प्रतिस्पर्धी लक्ष्य रखा।
श्रीलंका के लिए गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। महीष तीक्षणा व दुशमांता चमीरा ने 3-3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा दुनिथ वेल्लालगे के हाथ 1 सफलता लगी।
इसके बाद, जब श्रीलंका न्यूजीलैंड से मिले 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह कीवी टीम की शानदार गेंदबाजी के खिलाफ 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 107 रन ही बना सकी, व मैच में उसे 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका के लिए कामिंडू मेंडिस ने 31 और दुनिथ वेल्लालगे ने 29 रनों की पारी खेली। इसके अलावा और कोई लंकाई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
न्यूजीलैंड के लिए ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा मैट हेनरी को 2 और मिचेल सेंटनर व ग्लेन फिलिप्स के हाथ 1-1 विकेट लगा।