तबरेज शम्सी ने तत्काल प्रभाव से क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट से बाहर रहने का फैसला किया  - क्रिकट्रैकर हिंदी

तबरेज शम्सी ने तत्काल प्रभाव से क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट से बाहर रहने का फैसला किया 

इस फैसले के जरिए घरेलू क्रिकेट में ज्यादा एक्टिव रहना चाहते हैं शम्सी

Tabraiz Shamsi (Photo by Randy Brooks / AFP)
Tabraiz Shamsi (Photo by Randy Brooks / AFP)

साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि टीम के अनुभवी स्पिनर तबरेज शम्सी (Tabraiz Shamsi) ने खुद को क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट से बाहर रखने का फैसला किया है। खिलाड़ी ने इसके पीछे घरेलू क्रिकेट में ज्यादा अवसर और परिवार की देखभाल को बड़ी वजह बताया है।

CSA के सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट से बाहर रहने के फैसले को लेकर तबरेज शम्सी ने द साउथ अफ्रीकन के हवाले से कहा- मैंने घरेलू सीजन के दौरान अधिक लचीला होने के लिए अपने सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट से बाहर निकलने का फैसला किया है, जिससे मुझे उपलब्ध सभी अवसरों का पता लगाने और सर्वोत्तम तरीके से अपने परिवार की देखभाल करने का मौका मिल सके।

तबरेज ने आगे कहा- इस फैसले से प्रोटीज टीम के लिए खेलने की मेरी क्षमता या प्रेरणा पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ेगा और जब भी मुझे जरूरत होगी मैं अपने देश के लिए खेलने के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा।

वर्ल्डकप को दक्षिण अफ्रीका में लाना हमेशा से मेरा सपना रहा है, और कोई भी फ्रेंचाइजी लीग मेरे देश के लिए खेलने से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं होगी। टाइटंस भी मेरे फैसले का पूरा समर्थन करते हैं और जब भी मैं उपलब्ध रहूंगा, टाइटंस टीम का हिस्सा बनूंगा।

तबरेज शम्सी के क्रिकेट करियर पर एक नजर

दूसरी ओर, 34 वर्षीय अनुभवी क्रिकेटर के क्रिकेट करियर के बारे में आपको जानकारी दें, तो उन्होंने साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए 2 टेस्ट, 51 वनडे और 70 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान तबरेज ने टेस्ट में 6, वनडे में 72 और टी20 इंटरनेशनल में 89 विकेट अपने नाम किए हैं।

इसके अलावा उन्होंने पांच आईपीएल मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 3 विकेट हासिल किए हैं। हाल में ही आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में पहुंचने वाली प्रोटीज टीम का वह हिस्सा थे, लेकिन फाइनल में टीम को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

close whatsapp