‘वह उतने पैसे के लायक नहीं हैं’-सवा 15 करोड़ वाले ईशान को लेकर शेन वॉटसन का बयान
मेगा ऑक्शन में ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदा था।
अद्यतन - अप्रैल 15, 2022 3:46 अपराह्न

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन का मानना है कि फरवरी में हुए आईपीएल ऑक्शन में ईशान किशन पर 15.25 करोड़ रुपये खर्च करके मुंबई इंडियंस (एमआई) ने गलती की। किशन को बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर बताते हुए वाटसन ने कहा कि किशन के पीछे इतना पैसा खर्च करने की वजह से टीम बाकी के क्वालिटी वाले खिलाड़ी नहीं खरीद सकी।
MI ने किशन को मेगा ऑक्शन में वापस खरीदने से पहले नीलामी से पहले रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कायरन पोलार्ड को रिटेन किया था। पांच बार के चैंपियन का आईपीएल 2022 में अब तक का प्रदर्शन खराब रहा है, उन्होंने लगातार अपने पहले पांच मैच गंवाए हैं। इस सीजन मुंबई एकमात्र ऐसी टीम है जो एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है।
शेन वॉटसन ने ईशान किशन को लेकर दिया बड़ा बयान
The Grade Cricketer पर बातचीत के दौरान शेन वॉटसन ने ईशान किशन को लेकर कहा कि, “इससे मुझे आश्चर्य नहीं हुआ कि MI अंकतालिका में सबसे नीचे है क्योंकि उनके लिए इस साल एक चौंकाने वाली नीलामी थी। ईशान किशन पर इतना पैसा खर्च करना… वह एक बहुत ही प्रतिभाशाली और कुशल खिलाड़ी है, लेकिन वह आपके पूरे वेतन पर खर्च करने लायक नहीं है।
और फिर, जोफ्रा आर्चर के लिए जा रहे हैं, यह नहीं जानते कि वह वापस आने वाले हैं या नहीं। उन्होंने काफी समय से क्रिकेट नहीं खेला है। इस सीजन उनकी टीम में काफी कमियां मिली हैं।” बता दें कि इस आईपीएल सीजन में किशन ने पांच पारियों में 44 से अधिक की औसत और 121.92 की स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाये हैं। इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक भी निकले हैं।
मुंबई ने अपने आईपीएल 2022 अभियान की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ (डीसी) के हाथों चार विकेट से हार के साथ की। इसके बाद, वे राजस्थान रॉयल्स (आरआर), कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) से भी हार गए। मुंबई इंडियंस इस वक्त पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें पायदान पर है। अगर उन्हें यहां से प्लेऑफ में क्वालिफाई करना है तो उन्हें लगभग सभी मुकाबले जीतने होंगे।