अभी किसी को नहीं पता कि बांग्लादेश की वनडे वर्ल्ड कप 2023 टीम में किन खिलाड़ियों को चुना जाएगा: तमीम इकबाल
भारत में इसी साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है।
अद्यतन - May 8, 2023 4:23 pm

9 मई से बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश वनडे टीम के कप्तान तमीम इकबाल ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने यह बयान वनडे वर्ल्ड कप 2023 को लेकर दिया है।
बता दें, भारत में इसी साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। तमाम लोग इस जबरदस्त टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में कई अनुभवी खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। अनुभवी बल्लेबाज महमुदुल्लाह को आराम दिया गया है जबकि तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद चोटिल होने की वजह से इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं।
ICC के मुताबिक तमीम इकबाल ने कहा कि, ‘मैं इस चीज को लेकर कुछ भी नहीं कह सकता कि किन खिलाड़ियों का नाम वनडे वर्ल्ड कप 2023 की बांग्लादेश टीम में पहले से ही पक्का है। हम लोग आयरलैंड के खिलाफ सीरीज खेलेंगे और फिर दूसरी परिस्थितियों में भी टीमों के खिलाफ खेलेंगे। अब यहां से जिन भी खिलाड़ियों को मौका मिलेगा अगर वो अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वो वर्ल्ड कप की टीम में अपना नाम शामिल कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर तौहीद हृदय (Towhid Hridoy) को जितने भी मौका मिले हैं उसमें उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन अभी से कुछ भी कहना बहुत ही मुश्किल है।’
हम यहां पर अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं और मैच जीतने भी: तमीम इकबाल
तमीम इकबाल ने आगे कहा कि, ‘मैं प्रबल दावेदार शब्द का इस्तेमाल ज्यादा नहीं करता हूं। हम यहां पर अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं और मुकाबला जीतने भी। क्रिकेट में पहले से ही कुछ भी कह देना बहुत ही मुश्किल होता है। अगर आप अच्छा क्रिकेट खेलेंगे तो मैच भी अपने नाम करेंगे। इन परिस्थितियों में आयरलैंड काफी अच्छी टीम है और उन्हें यहां के बारे में सब कुछ पता भी है। हम यही दुआ करते हैं कि यह काफी अच्छी सीरीज हो और हम इसको अपने नाम करें।’
आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए यह रही बांग्लादेश की टीम:
तमीम इकबाल (कप्तान), लिटन दास, रोनी तालुकदार, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हृदोय, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम, यासिर अली, मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, इबादत हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान, हसन महमूद, मृत्युंजय चौधरी।