IND vs NZ मैच के लिए क्या होगी टीम इंडिया की संभावित XI? चार स्पिनर्स के साथ उतरेंगे रोहित? जानें यहां
न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेला जाएगा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मैच।
अद्यतन - मार्च 8, 2025 12:16 अपराह्न

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया रविवार, 9 मार्च को जब दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में उतरेगी तो उसकी कोशिश कीवियों से 25 साल पहले मिली हार का बदला चुकता करने की होगी। साल 2000 में ICC नॉकआउट टूर्नामेंट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल खेला गया था, जहां कीवी टीम ने जीत दर्ज की थी।
भारतीय टीम लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। 2013 में जहां टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराकर दूसरी बार ये ट्रॉफी जीती थी तो वहीं 2017 में भारत को पाकिस्तान से हाथों हार झेलनी पड़ी थी। लेकिन अब टीम इंडिया की नजरें तीसरी बार इस ट्रॉफी को उठाने पर लगी हुई है। अब हम आपको बताएंगे कि इस मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI क्या होगी।
IND vs NZ: फाइनल मैच के लिए ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग XI
फाइनल मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शुभमन गिल पारी की शुरुआत करेंगे. दोनों ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। गिल लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह चार मैचों में अब तक 157 रन बना चुके हैं। वहीं, नंबर 3 पर विराट कोहली का बल्ला भी आग उगल रहा है। किंग कोहली 4 मैचों में अब तक 217 रन बना चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ शतक और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रनों की मैच विनिंग पारी खेल चुके हैं।
इसके अलावा मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने अब तक टीम को हर परिस्थितियों से बाहर निकाला है। अय्यर लगातार अर्धशतक बनाते जा रहे हैं। वह चार मैचों में अब तक 195 रन बना चुके हैं जबकि केएल राहुल ने भी टीम के लिए कई उपयोगी पारियां खेली है। राहुल कई मौकों पर मैच फिनिशर की भूमिका निभा चुके हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में ऑलराउंडरों की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। ऐसे में अक्षर के अलावा हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा जैसे ऑलराउंडर टीम इंडिया की नैया पार लगा सकते हैं। लेकिन कुलदीप यादव की जगह मुश्किल दिख रही है जबकि वरुण चक्रवर्ती का प्लेइंग-11 में बना रहना तय है। चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मैच में 5 विकेट हॉल लिया था और इस मैच के लिए भी प्लेइंग XI में उनकी जगह पक्की मानी जा रही है।
फाइनल मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव/हर्षित राणा, मोहम्मद शमी और वरुण चक्रवर्ती