IPL के अगले सत्र में भी रहेंगी 10 टीमें, अरुण धूमल ने की बड़ी घोषणा
हम फुटबॉल या किसी बाकी खेल लीग से तुलना नहीं कर सकते क्योंकि वो क्रिकेट से काफी अलग है: अरुण धूमल
अद्यतन - नवम्बर 8, 2022 5:00 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में दो नई फ्रेंचाइजी टीमों को शामिल किया गया था। IPL के इस सत्र में गुजरात टाइटंस (GT) और लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) ने अपना पहला सीजन खेला और गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सत्र में IPL कप अपने नाम किया था।
बता दें, इस सत्र के मेगा ऑक्शन में सभी 10 टीमों ने अपने दल में कई शानदार खिलाड़ियों को शामिल किया था। अब आगामी IPL सत्र का इंतजार तमाम भारतीय प्रशंसक बेसब्री से कर रहे हैं। इसी के साथ IPL 2023 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। हाल ही में नियुक्त हुए IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने बयान दिया है कि अगले सीजन में कोई भी और फ्रेंचाइजी टीमों को शामिल नहीं किया जाएगा, इन्ही 10 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच अगला सत्र भी खेला जाएगा।
NDTV के मुताबिक अरुण धूमल ने कहा कि, ’10 ही टीमें IPL के अगले सत्र में भी खेलेंगी। अगर आप उससे ज्यादा फ्रेंचाइजी टीमों को बढ़ाएंगे तो टूर्नामेंट में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। हम लोग पहले दो सत्रों में 74 मुकाबलों से शुरू करने पर विचार कर रहे हैं, फिर 84 और अगर सब कुछ सही रहा मीडिया राइट्स के पांचवें वर्ष में 94 मुकाबले खेले जाएंगे जिससे यह एक लंबा इवेंट हो जाएगा।’
क्रिकेट बाकी खेलों से काफी अलग है: अरुण धूमल
अरुण धूमल की मानें तो जैसे दुनियाभर की तमाम बेहतरीन फुटबॉल लीग्स में एक दर्जन से ज्यादा टीमें प्रतिभाग करती हैं वैसा क्रिकेट में संभव नहीं है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि क्रिकेट मैच को करवाने में काफी चीजों को देखना पड़ता है। उनके मुताबिक जैसे फुटबॉल साल भर अपने मैचों का आयोजन करती हैं वैसे क्रिकेट लीग में यह संभव नहीं है, क्योंकि 6 महीने तक एक ही पिच पर खेलना संभव नहीं है।
अरुण धूमल ने आगे कहा कि, ‘हम फुटबॉल या किसी बाकी खेल लीग से तुलना नहीं कर सकते क्योंकि वो क्रिकेट से काफी अलग है। आप एक ही पिच में 6 महीने तक नहीं खेल सकते। भविष्य में हम टीमों को बढ़ाने पर चर्चा करेंगे लेकिन अभी हम 10 ही टीमों के साथ अगला सत्र खेलेंगे।’