जब सचिन तेंदुलकर को आउट कर संकट में फंस गए थे शोएब अख्तर, सौरव गांगुली ने बचाई थी जान - क्रिकट्रैकर हिंदी

जब सचिन तेंदुलकर को आउट कर संकट में फंस गए थे शोएब अख्तर, सौरव गांगुली ने बचाई थी जान

मुंबई में सचिन तेंदुलकर को आउट कर संकट में फंस गए थे शोएब अख्तर!

Sachin Tendulkar and Shoaib Akhtar. (Photo Source: Twitter)
Sachin Tendulkar and Shoaib Akhtar. (Photo Source: Twitter)

सचिन तेंदुलकर और शोएब अख्तर की गिनती दुनिया के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में आती है। भारत के महान बल्लेबाज और पाकिस्तान के पूर्व  तेज गेंदबाज के बीच में उनके करियर के दौरान मैदान पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। सचिन तेंदुलकर ने कई बार शोएब अख्तर के खिलाफ बेहतरीन शॉट्स लगाए, तो वही कई ऐसे भी मौके आए जब रावलपिंडी एक्सप्रेस ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया।

आपको बता दें, शोएब अख्तर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर को 8 बार आउट किया। दाएं-हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी भारत के दिग्गज को एक बार आउट किया था, जो रावलपिंडी एक्सप्रेस के लिए एक अविस्मरणीय मुकाबला साबित हुआ।

पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर ने हाल ही में मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए आईपीएल 2008 (IPL 2008) के एक मैच को याद किया, जिसकी दहशत वह कभी नहीं भुला पाएंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए उस आईपीएल (IPL) मैच में शोएब अख्तर ने सचिन तेंदुलकर को शून्य पर आउट किया था। जिसके बाद, पाकिस्तानी गेंदबाज को भारतीय फैंस के गुस्से का सामना करना।

आईपीएल 2008 में जब सचिन तेंदुलकर को आउट करना भारी पड़ा शोएब अख्तर पर

चूंकि वानखेड़े  स्टेडियम फैंस से खचाखच भरा था, मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के आउट होने के साथ ही फैंस कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पूर्व गेंदबाज पर बरसे, उन्हें काफी गालियां दीं। उस मैच को याद करते हुए शोएब अख्तर ने कहा आईपीएल में सचिन तेंदुलकर को आउट करना उनकी सबसे बड़ी भूल थी।

स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत करते हुए शोएब अख्तर ने बताया: “हमने (KKR) वास्तव में कम स्कोर (67) किया था। जब मैच शुरू हुआ तो माहौल गजब का था। वह था सचिन का शहर, मुंबई। यह सचिन तेंदुलकर बनाम शोएब अख्तर था और हम स्टेडियम में थे, वहां शाहरुख खान भी मौजूद थे। स्टेडियम चारो ओर से पूरा खचाखच भरा हुआ था। मैच से पहले हम दोनों दोस्ताना बातचीत कर रहे थे और फिर हमने एक-दूसरे को मैच के विश किया।”

उन्होंने आगे बताया, “मैदान का माहौल शानदार था। स्टेडियम पूरी तरह खचाखच भरा हुआ था। लेकिन मैंने सचिन तेंदुलकर को पहले ही ओवर में आउट कर दिया और यहीं मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। फिर जब मैं फाइन लेग पर फील्डिंग कर रहा था, तो मुझे बहुत गालियां सुनने मिलीं। सौरव गांगुली ने मुझसे कहा ‘मिड-विकेट पर आओ, ये लोग तुम्हें मार देंगे। आपको सचिन को आउट करने के लिए किसने कहा? वो भी मुंबई में?’”

आपको बता दें, इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 67 रनों पर ढेर हो गई थी। इस टारगेट को मुंबई इंडियंस (MI) ने महज दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।

close whatsapp