हो गया कंफर्म! महेंद्र सिंह धोनी को IPL 2022 के लिए रिटेन करेगी CSK - क्रिकट्रैकर हिंदी

हो गया कंफर्म! महेंद्र सिंह धोनी को IPL 2022 के लिए रिटेन करेगी CSK

15 अक्टूबर को महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को चौथी बार IPL का चैंपियन बनाया था।

MS Dhoni batting. (Photo Source: IPL/BCCI)
MS Dhoni batting. (Photo Source: IPL/BCCI)

15 अक्टूबर 2021 चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए बेहद खुशी का दिन था जब टीम अपने 9वें IPL फाइनल मुकाबले में चौथा खिताब जीतने में सफल रही। लेकिन खिताब जीतने के साथ ही सभी फैंस अब धोनी के भविष्य को लेकर कई प्रकार के कयास लगाने लगे, जहां सभी के मन में यह संदेह था कि क्या धोनी अगले साल इस लीग में खेलेंगे या नहीं।

IPL 2022 से पहले एक मेगा ऑक्शन होगा, जिस वजह से सभी टीमों के पास अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए सीमित विकल्प रहेंगे। अब CSK के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि परिस्थितियों की परवाह किए बिना चेन्नई अपना पहला रिटेंशन कार्ड धोनी के लिए इस्तेमाल करेगी।

अधिकारी ने साथ में ये भी कहा कि उन्हें अभी भी ये नहीं पता कि टीम के पास कितने खिलाड़ियों को रिटेन करने का मौका मिलेगा लेकिन टीम को अपने कप्तान की जरूरत है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह अगले साल वापस आएंगे।

CSK के अधिकारी ने अगले साल के IPL को लेकर कही बड़ी बात

स्पोर्ट्स टाइगर से बातचीत करते हुए CSK अधिकारी ने कहा कि, “रिटेंशन होगा ये सच है, लेकिन कितना रिटेंशन होगा ये फिलहाल तय नहीं है। सच कहूं तो रिटेंशन की प्रक्रिया एमएस धोनी के लिए मायने नहीं रखती है। उनके मामले में वह सेकेंडरी चीज होगी। उनके लिए हम अपना पहला रिटेंशन कार्ड का इस्तेमाल करेंगे। CSK को अपने कप्तान की जरूरत है और ये इस बात का भी प्रमाण है कि वह अगले साल खेलेंगे।”

इससे पहले फाइनल मैच के बाद जब कमेंटेटर हर्षा भोगले ने महेंद्र सिंह धोनी से IPL में अगले साल खेलने को लेकर पूछा तो उन्होंने कहा कि यह BCCI पर निर्भर करता है कि वो आने वाले समय में किस तरह से चीजों को प्लान करते हैं। उन्होंने कहा कि, “ये मेरे ऊपर नहीं, BCCI पर निर्भर करता है क्योंकि लीग में 2 नई टीमें आने वाली हैं और हमें यह देखकर फैसला करना होगा कि CSK के लिए क्या अच्छा होगा। मैं नहीं चाहता हूं कि हमारी फ्रेंचाइजी को किसी भी तरह का नुकसान उठाना पड़े।”

close whatsapp